टाइटन पनडुब्बी के मलबे में मानव अवशेष को लेकर आई नई जानकारी

टाइटैनिक जहाज का मलबा दिखाने गई पनडुब्बी टाइटन कुछ दिनों पहले अटलांटिक सागर में दुर्घटना का शिकार हो गई थी.
पनडुब्बी में सवार सभी लोगों की मौत हो गई थी.
अब समंदर की गहराइयों से इस दुर्घटनाग्रस्त पनडुब्बी के पुर्जों, टूटकर अलग हुए हिस्सों को बाहर निकाल लिया गया है.
अमेरिकी कोस्टगार्ड ने कहा है कि माना जा रहा है कि टाइटन पनडुब्बी के इन क्षतिग्रस्त हिस्सों में मानव अवशेष मिले हैं.
पनडुब्बी के क्षतिग्रस्त हिस्सों को समंदर से लाकर कनाडा के सेंट जॉन में उतारा गया है.
अधिकारियों का कहना है कि पनडुब्बी के मिले मलबे में लैंडिंग फ्रेम, रियर कवर शामिल हैं.
कोस्ट गार्ड ने एक बयान जारी कर कहा कि अमेरिकी डॉक्टर्स मानव अवशेषों की औपचारिक जांच करेंगे.

इमेज स्रोत, Reuters
एजेंसी अब आगे क्या करेगी?
एजेंसियां अभी जांच के शुरुआती दौर में हैं. जांच में ये पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आख़िर इस हादसे की वजह क्या रही.
कोस्ट गार्ड मरीन बोर्ड ऑफ इंवेस्टिगेशन यानी एमबीआई आगे की जांच के लिए समंदर से मिले सबूतों को अमेरिकी पोर्ट पर ट्रांसफर करेगी.
एमबीआई के कैप्टन जेसन न्यूबॉर ने एक बयान में कहा, ''टाइटन पनडुब्बी के हादसाग्रस्त होने की वजहों को तलाशने के लिए अभी भी काफ़ी काम किया जाना बाक़ी है. मक़सद ये भी है कि ऐसी रणनीति बनाई जाए कि इस तरह का हादसा फिर ना हो.''
जेसन ने कहा, ''मैं अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद के लिए शुक्रगुज़ार हूं कि उन्होंने समंदर की इतनी गहराइयों और दूरी तक जाकर सबूत जुटाने में मददद की.''
18 जून को इस पनडुब्बी में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई थी. ये पनडुब्बी अपनी यात्रा के 90 मिनट बाद ही संपर्क खो चुकी थी.
ये पनडुब्बी साल 1912 में डूबे जहाज टाइटैनिक के लगभग 12 हज़ार 500 फुट गहरे मलबे को दिखाने के लिए समंदर के अंदर गई थी.

इमेज स्रोत, Getty Images
मरने वालों में कई बड़े नाम शामिल
अधिकारियों का कहना था कि टाइटन में सवार सभी पांच लोग ‘एक धमाके’ के बाद तुरंत मारे गए थे.
इसे 'कैटेस्ट्रोफिक एक्सप्लोसन' या समंदर के अंदर दबाव में पनडुब्बी के अंदर विस्फोट हो जाना कहा गया.
मरने वालों में ओसिएन गेट कंपनी के प्रमुख 61 साल के स्कॉटन रुस, हमिश हार्डिंग, शहज़ादा दाऊद, सुलेमान दाऊद और पॉल हेनरी शामिल थे. ये सभी लोग रईस घराने से ताल्लुक रखते हैं.
हादसे के बाद अधिकारियों को संदेह था कि मरने वालों के शवों को निकाला जा सकेगा. अधिकारियों का कहना था कि जिस जगह हादसा हुआ है वहां दबाव बहुत ज्यादा है, ऐसे में शवों को निकालना मुश्किल है.
उस वक़्त कैप्टन जेसन ने कहा था कि अगर मानव शरीर के अवशेष मिलते हैं तो जांचकर्ता पूरी सावधानी बरतेंगे.

इमेज स्रोत, Reuters
क्षतिग्रस्त पनडुब्बी किस हाल में दिखती है?
कोस्टगार्ड का कहना है कि अब तक पनडुब्बी के कुल पांच हिस्से बरामद किए गए हैं.
कोस्टगार्ड ने बताया कि पनडुब्बी का काफ़ी सारा मलबा अभी टाइटैनिक जहाज़ के पास है और उसी से कुछ क्षतिग्रस्त हिस्सों को बाहर निकाला गया है.
तस्वीरों में देखिए अब किस हाल में है पनडुब्बी...

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज स्रोत, Reuters



(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक,ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

















