हिंदुजा परिवार के चार लोगों को सज़ा, घरेलू सहायकों से बुरे बर्ताव के दोषी पाए गए

इमेज स्रोत, Getty Images
- Author, इमोजन फोक्स
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, जेनेवा
ब्रिटेन के सबसे अमीर हिंदुजा परिवार के चार सदस्यों को अपने घर में काम करने वालों का शोषण करने के आरोप में जेल की सज़ा सुनाई गई है.
ये लोग अपने जेनेवा स्थित विला में काम करने के लिए भारत से कुछ कर्मचारियों को लाए थे.
कोर्ट ने प्रकाश और कमल हिंदुजा सहित उनके बेटे अजय और बहू नम्रता को शोषण और अवैध तरीके से रोज़गार देने का दोषी पाया है.
कोर्ट ने चार से साढ़े चार साल की सजा सुनाई है. हालांकि मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोपों से कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया है.
हिंदुजा परिवार की तरफ से कोर्ट में केस लड़ रहे वकीलों का कहना है कि वे इस फैसले के खिलाफ़ अपील करेंगे.
उनके वकील रॉबर्ट असेल ने कहा, “मैं हैरान हूं. हम आखिर तक लड़ाई लड़ेंगे.”

इमेज स्रोत, BBC
भारत से लाए गए तीन कर्मचारियों का आरोप था कि हिंदुजा परिवार ने उन्हें दिन में 18 घंटे काम करने के लिए सिर्फ सात पाउंड का भुगतान किया, जबकि स्विस कानून के मुताबिक कर्मचारियों को इसके लिए कम से कम 70 पाउंड का भुगतान किया जाना चाहिए था.
घर में काम करने वाले लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पासपोर्ट रख लिए गए थे और उनके कहीं आने-जाने पर पाबंदियां लगा दी थीं.
कर्मचारियों से ज़्यादा कुत्तों पर खर्च

इमेज स्रोत, GETTY IMAGES
स्विस प्रशासन की नज़र इस परिवार पर करीब 6 सालों से है, जबसे प्रशासन ने जिनेवा स्थित एक घर में अपने कर्मचारियों के रखरखाव को लेकर हिंदुजा परिवार के खिलाफ़ जांच शुरू की थी.
47 बिलियन डॉलर के कारोबारी साम्राज्य वाले परिवार पर अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने नौकरों की बजाय अपने कुत्ते पर ज्यादा खर्च पैसे खर्च किए.
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी वकील य्वेस बेरतोसा ने कोर्ट में कहा, ''उन्होंने (हिंदुजा परिवार ने) अपने एक कुत्ते पर एक नौकर से ज्यादा खर्च किया.''
अधिकारी ने बताया कि एक आया ने एक दिन में 18 घंटे काम किया था और उन्हें सिर्फ़ $7.84 मिले थे, जबकि दस्तावेज़ बताते हैं कि इस परिवार ने अपने एक कुत्ते के रखरखाव और खाने पर सालाना 10 हज़ार अमेरिकी डॉलर खर्च किए.
अधिकारी ने बताया कि कई नौकरों को हफ़्ते के सातों दिन काम करना होता था और तनख्वाह भी भारतीय रुपये में मिलती थी न की फ्रैंक्स में.
वहीं बचाव पक्ष का कहना था कि हिंदुजा परिवार ने घर में काम के लिए लाए गए लोगों को पर्याप्त सुविधाएं दी थी और उनके कहीं आने-जाने पर पाबंदियां नहीं लगाई थीं.
विवादास्पद बयान

इमेज स्रोत, Getty Images
बीबीसी जिनेवा के इमोजेन फोक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदुजा परिवार के वकीलों ने कम सैलरी होने के आरोपों को नकारा नहीं है, लेकिन ये कहा है जो मानदेय तय था उसमें रहना और खाना भी शामिल था.
वकील याएल हयात ने कहा, ''आप तनख़्वाह कम नहीं कर सकते हैं.''
ज़्यादा देर तक काम करवाने के आरोपों को भी गलत बताया गया, इस पर एक वकील ने कहा कि बच्चों के साथ फ़िल्म देखने को काम नहीं माना जा सकता है.
हिंदुजा के वकीलों ने कहा कि कई कथित पीड़ित लगातार कई मौकों पर हिंदुजा परिवार के लिए काम कर चुके हैं. ये इस बात को दर्शाता है कि सभी काम के माहौल से संतुष्ट थे.
परिवार का बचाव करने वाले वकीलों ने कई ऐसे लोगों को भी गवाही के लिए बुलाया जो पहले इस परिवार के लिए काम कर चुके थे.
इन लोगों ने अदालत में हिंदुजा परिवार को अच्छे व्यवहार वाला बताया और ये भी कहा कि वो अपने नौकरों को सम्मान के साथ रखते थे.
हिंदुजा परिवार के वकील ने सरकारी वकील पर क्रूरता और बदनाम करने के आरोप लगाए.
डिफ़ेंस के वकीलों में से एक ने कहा, ''दूसरे किसी और परिवार के साथ ऐसा नहीं हुआ.''
भारत ने निकला दुनिया भर में छाया हिंदुजा परिवार

इमेज स्रोत, Getty Images
हिंदुजा परिवार की जड़ें भारत में हैं और इसी नाम से एक कारोबारी घराना भी चलाता है, जो कई सारी कंपनियों का एक समूह है.
इसमें कंस्ट्रक्शन, कपड़े, ऑटोमोबाइल, ऑयल, बैंकिंग और फ़ाइनेंस जैसे सेक्टर भी शामिल हैं.
हिंदुजा ग्रुप को संस्थापक परमानंद दीपचंद हिंदुजा अविभाजित भारत में सिंध के प्रसिद्ध शहर शिकारपुर में पैदा हुए थे.
1914 में, उन्होंने भारत की व्यापार और वित्तीय राजधानी, बॉम्बे (अब मुंबई) की यात्रा की.
हिंदुजा ग्रुप की वेबसाइट के अनुसार वहां उन्होंने जल्दी ही व्यापार की बारीकियां सीख लीं.
सिंध में शुरू हुई व्यापारिक यात्रा 1919 में ईरान में एक दफ़्तर के साथ अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में प्रवेश कर गई.
समूह का मुख्यालय 1979 तक ईरान में रहा. इसके बाद यह यूरोप चला गया.
ग्रुप के संस्थापक परमानंद दीपचंद हिंदुजा के तीन बेटों - श्रीचंद, गोपीचंद और प्रकाश ने बाद में कामकाज संभाला और कंपनी का देश-विदेश में प्रसार किया.
साल 2023 में श्रीचंद हिंदुजा के निधन के बाद उनके छोटे भाई गोपीचंद ने उनकी जगह ली और ग्रुप के प्रमुख के तौर पर कामकाज संभाला. स्विटज़रलैंड में मानव तस्करी के केसा का सामना कर रहे प्रकाश को मोनैको में जमा हुआ कारोबार मिला.
युनाइटेड किंगडम में हिंदुजा परिवार ने कई सारी कीमती प्रॉपर्टीज़ खरीदी है.
सितंबर 2023 में हिंदुजा ग्रुप ने लंदन के व्हाइटहॉल में स्थित ओल्ड वॉर ऑफिस जो पहले ब्रिटेन का रक्षा मंत्रालय भी था, इसी में रैफ़्फ़ल्स नाम का होटल बनाया था. इस होटल की ख़ासियत ये है कि ये ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के सरकारी आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट से कुछ ही मीटर दूर है.
यही ग्रुप कार्लटन हाउस की छत का भी एक हिस्सा के मालिकाना हक रखता है, इस बिल्डिंग में कई दफ़्तर, घर और ईवेंट रूम हैं. साथ ही ये बकिंघम पैलेस से भी काफ़ी नज़दीक है.
हिंदुजा ग्रुप का दावा है कि दुनियाभर में 2 लाख लोग उनकी कंपनियों में काम कर रहे हैं.
जून 2020 में यूके की एक अदालत में हलफ़नामा दायर हुआ था. इस हलफ़नामें के मुताबिक हिंदुजा भाइयों के रिश्ते अच्छे नहीं थे.
दस्तावेज़ बताते हैं कि भाइयों में सबसे बड़े श्रीचंद ने अपने छोटे भाई के खिलाफ़ स्विटज़रलैंड के जिनेवा में स्थित एक बैंक के मालिकाना हक पाने के लिए केस किया था.
जेनेवा का सियाह पक्ष

इमेज स्रोत, PA Media
दुनिया के सबसे अमीर लोगों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के सेंटर, जेनेवा में दर्ज़ होने वाला ये पहला मामला नहीं है.
साल 2008 में लीबिया के पूर्व तानाशाह मुअम्मर गद्दाफ़ी के बेटे हानिबल गद्दाफ़ी के बेटे को भी अल्पाइन सिटी पुलिस ने एक पांच सितारा होटल से गिरफ़्तार किया था. हानिबल गद्दाफ़ी और उनकी पत्नी पर अपने नौकर को पीटने आरोप लगे थे.
ये केस बंद हो गया था, लेकिन इसकी वजह से लीबिया और स्विट्ज़रलैंड के कूटनीतिक रिश्तों में तब दरार आ गई थी जब इसके बदले में त्रिपोली में 2 स्विस नागरिकों को गिरफ़्तार कर लिया गया था.
पिछले साल 4 फिलिपीनी डॉमेस्टिक वर्कर्स ने संयुक्त राष्ट्र में एक राजदूत के खिलाफ़ ये आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया था कि उनकों सालों से पैसे नहीं चुकाए गए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)















