डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'ईरान के बाद क्यूबा', अमेरिका और क्यूबा की क्यों है दुश्मनी?

डोनाल्ड ट्रंप

इमेज स्रोत, Valerie Plesch/Bloomberg via Getty Images

पढ़ने का समय: 5 मिनट

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि वो ईरान के बाद क्यूबा पर फ़ोकस करेंगे.

ट्रंप ने जनवरी में भी क्यूबा से कहा था कि या तो वो अमेरिका से डील कर ले या परिणाम भुगतने को तैयार रहे.

वेनेज़ुएला में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने ऐसा कहा था.

गुरुवार को व्हाइट हाउस में इंटर मयामी फ़ुटबॉल क्लब टीम के स्वागत के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने संकेत दिया कि पहले वेनेजुएला, फिर अब ईरान और उसके बाद क्यूबा में सत्ता परिवर्तन उनका अगला लक्ष्य है.

उन्होंने कहा, "मार्को रुबियो (अमेरिकी विदेश मंत्री) ज़बरदस्त काम कर रहे हैं. और आपका अगला फ़ोकस क्या होगा, क्यूबा? है ना. "

उन्होंने कहा, "हम ये सब कुछ एक साथ कर सकते हैं. लेकिन जब एक साथ ढेर सारी चीज़ें की जाएं तो बुरे परिणाम सामने आते हैं. "

ट्रंप ने आगे कहा, "हम पहले ये (ईरान वॉर) ख़त्म करना चाहते हैं, लेकिन बस ये वक़्त की बात है जब आप जैसे प्यारे लोग क्यूबा वापस जाएं. उम्मीद करता हूं रहने के लिए नहीं, बस घूमने के लिए. हम क्यूबा को इतना प्यारा भी नहीं बनाने वाले कि आप वहीं बस जाएं. लेकिन हां कुछ लोग क्यूबा जाकर ज़रूर बसना चाहते हैं."

उन्होंने कहा, "क्यूबा हमसे डील करने को बेहद उत्सुक है."

जनवरी में ट्रंप ने कहा था कि क्यूबा के लिए वेनेज़ुएला से तेल और पैसे की आमद का जारी रहना अब बंद हो जाएगा.

तब क्यूबा के राष्ट्रपति मगेल डियाज़ कनेल ने जवाब में कहा है, "कोई हमें यह नहीं बताएगा कि हम क्या करें."

वहीं क्यूबाई विदेश मंत्री ने कहा था कि उनके देश को 'बिना किसी दखल के' ईंधन आयात करने का अधिकार है.

3 जनवरी को वेनेज़ुएला की राजधानी काराकास में हमले और अमेरिकी ऑपरेशन में वेनेज़ुएला के नेता निकोलस मादुरो को पकड़ने के बाद से ट्रंप की नज़रें जिन देशों पर है, उनमें क्यूबा भी है.

माना जाता है कि क्यूबा का पुराना दोस्त वेनेज़ुएला हर दिन क्यूबा को क़रीब 35,000 बैरल तेल भेजता था.

अमेरिका और क्यूबा के बीच जारी ज़ुबानी जंग

ट्रंप प्रशासन की मंज़ूरी से वेनेज़ुएला के तेल टैंकरों को ज़ब्त करने की रणनीति से क्यूबा में पहले से ख़राब ईंधन और बिजली के हालात और बिगड़ने लगे हैं.

अमेरिका ने जनवरी में ही क्यूबा के कई तेल टैंकर ज़ब्त कर लिए थे. क्यूबा का कहना है कि ये टैंकर वेनेज़ुएला से मंज़ूर हुआ तेल ले जा रहे थे.

ट्रंप ने 11 जनवरी को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, "क्यूबा कई सालों तक वेनेज़ुएला से बड़ी मात्रा में मिले तेल और पैसे पर ज़िंदा रहा. बदले में, क्यूबा ने वेनेज़ुएला के पिछले दो तानाशाहों को 'सुरक्षा' दी, लेकिन अब और नहीं."

ट्रंप ने लिखा था, "अब क्यूबा को और तेल या पैसा नहीं मिलेगा- ज़ीरो. मैं उन्हें सलाह देता हूँ कि वे बहुत देर होने से पहले एक डील कर लें."

डोनाल्ड ट्रंप

इमेज स्रोत, WHITE HOUSE

इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस में इंटर मयामी टीम का स्वागत करते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. उनके साथ मशहूर फुटबॉलर लियोनेल मेसी (बाएं से दूसरे) भी दिख रहे हैं.

क्यूबा के राष्ट्रपति मगेल डियाज़ कनेल ने भी 11 जनवरी को कहा था, "जो लोग हर चीज़ को, यहाँ तक कि इंसानी ज़िंदगी को भी एक कारोबार बना देते हैं, उनके पास क्यूबा पर किसी भी चीज़ के लिए उंगली उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है."

ट्रंप

वहीं क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज़ ने कहा था कि क्यूबा को निर्यात की इच्छा रखने वाले किसी भी देश से "बिना किसी दखल या अमेरिका की एकतरफा ज़बरदस्ती के दबाव में आए" ईंधन आयात करने का पूरा अधिकार है.

उन्होंने कहा, "अमेरिका के विपरीत क्यूबा दूसरे देशों के ख़िलाफ़ ब्लैकमेल या जबरन सैन्य कार्रवाई का सहारा नहीं लेता है."

अमेरिका के साथ दुश्मनी का इतिहास

अमेरिका और क्यूबा

इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

इमेज कैप्शन, क्यूबा के राष्ट्रपति मिगेल मगेल डियाज़ कनेल क्यूबा की राजधानी हवाना में वेनेज़ुएला के समर्थन में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए . (फ़ाइल फ़ोटो)

पिछले कुछ महीनों में अमेरिकी विदेश नीति लैटिन अमेरिका और उन वामपंथी नेताओं पर ज़्यादा केंद्रित हो गई है, जिनके साथ उनके वैचारिक मतभेद हैं.

इस इलाक़े में अमेरिकी कार्रवाई को ड्रग तस्करी से लड़ने के नाम पर सही ठहराया जा रहा है.

काराकास में अभूतपूर्व ऑपरेशन के बाद ट्रंप ने कहा था कि उन्हें कोलंबिया में सैन्य अभियान जैसी बात सुनकर "अच्छा लगता है."

ट्रंप ने कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो से कई बार कहा है कि वो 'अपनी जान बचाएं'.

अमेरिका ने अक्तूबर में कोलंबिया के पहले वामपंथी नेता पेट्रो पर ड्रग कार्टेल की मदद करने का आरोप लगाते हुए उन पर प्रतिबंध लगाए.

ट्रंप ने यह भी कहा है, "मेक्सिको के रास्ते अमेरिका में बड़ी मात्रा में ड्रग्स आ रहे हैं और हमें कुछ करना होगा."

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कार्टेल से लड़ने के लिए मेक्सिको में अमेरिकी सैनिक भेजने की पेशकश की है, लेकिन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम ने मेक्सिको की धरती पर किसी भी अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को सार्वजनिक रूप से खारिज कर दिया है.

क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो

इमेज स्रोत, Sven Creutzmann/Mambo Photography/Getty Image

इमेज कैप्शन, क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो (फ़ाइल फ़ोटो). क्यूबा और अमेरिका के बीच पुरानी दुश्मनी रही है.
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

साल 1959 में कम्युनिस्ट फ़िदेल कास्त्रो ने क्यूबा में अमेरिका समर्थित सरकार को उखाड़ दिया था, उसके बाद से अमेरिका और क्यूबा के बीच संबंध तनावपूर्ण रहे हैं.

हालांकि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए गए थे, ख़ासकर अमेरिका में बराक ओबामा के कार्यकाल में.

लेकिन ट्रंप प्रशासन ने ओबामा की कई नीतियों को पलट दिया है.

एक साल पहले अपने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने के तुरंत बाद ट्रंप ने क्यूबा को 'आतंकवाद को स्पॉन्सर करने वाले देश' का नाम दिया था.

क्यूबा के राष्ट्रपति मगेल डियाज़ कनेल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "जो लोग हमारे गंभीर आर्थिक संकट के लिए हमारी क्रांति को दोष देते हैं, उन्हें शर्म से अपनी ज़ुबान बंद कर लेनी चाहिए. क्योंकि वे यह जानते हैं और मानते हैं कि ये उन सख़्त दम घोंटने वाले उपायों का नतीजा हैं जो अमेरिका ने छह दशकों से हम पर लगा रखा है और अब इसे और भी आगे बढ़ाने की धमकी दे रहा है."

उन्होंने यह भी कहा, "जो लोग आज हमारे देश के ख़िलाफ़ उन्माद में शोर मचा रहे हैं, वे लोगों के अपने राजनीतिक मॉडल को चुनने के संप्रभु फैसले पर गुस्से के कारण ऐसा कर रहे हैं."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.