टी-20 वर्ल्ड कप: टीम इंडिया पर ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ मुक़ाबले से पहले ही ये ख़तरा

भारतीय कोच गौतम गंभीर (बाएं) और कप्तान सूर्यकुमार यादव नज़र आ रहे हैं. (फ़ाइल फ़ोटो)

इमेज स्रोत, Matthew Lewis-ICC/ICC via Getty Images

इमेज कैप्शन, दक्षिण अफ़्रीका से बुरी हार के बाद भारत के टूर्नामेंट से बाहर होने का ख़तरा है. इस फ़ोटो में भारतीय कोच गौतम गंभीर (बाएं) और कप्तान सूर्यकुमार यादव नज़र आ रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
पढ़ने का समय: 5 मिनट

भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़े दावेदार के रूप में अपनी शुरुआत की थी.

फ़ेवरेट इसलिए कि 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का ख़िताब जीतने के बाद से वह प्रतिद्वंद्वियों के ख़िलाफ़ शानदार प्रदर्शन कर रही थी.

वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले उसने 41 टी-20 मैचों में से 31 में जीत हासिल की थी. यही नहीं, इस दौरान टीमों ने जो सबसे ज़्यादा स्कोर बनाए थे, उनमें से 11 में से तीन भारतीय टीम के नाम रहे.

टी-20 वर्ल्ड कप के पहले चरण में भारतीय टीम अपने चारों मैच जीतकर सुपर-8 में पहुंची.

इस सबके बावजूद सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली इस टीम के सामने एक हार ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि उसके सामने टूर्नामेंट से बाहर होने का ख़तरा आ खड़ा हुआ है.

दक्षिण अफ़्रीका के हाथों 76 रन की बड़ी हार भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को बहुत खल रही होगी.

क्योंकि अब टूर्नामेंट में बने रहने के लिए भारत को अपने परफॉरमेंस के अलावा दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा.

अब बस एक और 'ख़राब दिन' टीम इंडिया को बाहर का रास्ता दिखा देगा.

भारतीय फ़ैंस दुआ करेंगे कि कम से कम आज का दिन ना तो उनके लिए वो 'ख़राब दिन' साबित हो और ना ही दक्षिण अफ़्रीका के लिए.

भारतीय क्रिकेट टीम

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, भारतीय क्रिकेट टीम

गुरुवार को भारत की टीम चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में ज़िम्बाब्वे से भिड़ेगी लेकिन इस मैच से चंद घंटों पहले और कुछ सौ किलोमीटर दूर होने वाले मैच पर भी उसकी नज़र होगी.

वो मैच खेला जाएगा इसी ग्रुप की वेस्ट इंडीज़ और दक्षिण अफ़्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में.

भारत को ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ मैच बड़े अंतर से जीतना होगा लेकिन भारतीय फ़ैंस ये भी मना रहे होंगे कि दक्षिण अफ़्रीका वेस्ट इंडीज़ से जीत जाए.

क्योंकि वेस्ट इंडीज़ की टीम अगर ये मैच जीत जाती है तो उसका नेट रन रेट भारत से इतना ज़्यादा हो जाएगा कि भारत के लिए उससे आगे निकलना मुश्किल हो जाएगा.

भारत के लिए तो आज का ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ होने वाला मैच और वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ होने वाला मैच, ये दोनों ही जीतना ज़रूरी है. भारत के लिए अब ये 'मस्ट विन' सिनारियो है.

दोनों मैचों में मिली जीत भी भारत की सेमीफ़ाइनल में पहुँचने की गारंटी नहीं होगी और इसके लिए उसे कुछ 'किंतु-परंतु' यानी समीकरण भी देखने होंगे.

पहला समीकरण- दक्षिण अफ़्रीका वेस्ट इंडीज़ को हरा दे

भारत के लिए सबसे माकूल होगा कि दक्षिण अफ़्रीका आज वेस्ट इंडीज़ को अच्छे अंतर से हरा दे.

और फिर वेस्ट इंडीज़ को भारत हरा दे. ऐसी स्थिति में भारत के दो जीत से चार प्वाइंट हो जाएंगे और वो दक्षिण अफ़्रीका के साथ सेमीफ़ाइनल में आराम से जगह बना लेगा.

फिर ज़िम्बाब्वे के साथ अपना आख़िरी मैच दक्षिण अफ़्रीका जीते या हारे उससे भारत की सेहत पर असर नहीं होगा.

दूसरा समीकरण- अगर वेस्ट इंडीज़ दक्षिण अफ़्रीका को हरा दे तो..

वेस्ट इंडीज़ ने सुपर-8 के पहले मैच में ज़िम्बाब्वे को 107 रनों से हराकर अपनी स्थिति मज़बूत कर ली है

इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty Images

इमेज कैप्शन, वेस्ट इंडीज़ ने सुपर-8 के पहले मैच में ज़िम्बाब्वे को 107 रनों से हराकर अपनी स्थिति मज़बूत कर ली है

लेकिन अगर वेस्ट इंडीज़ की टीम दक्षिण अफ़्रीका को आज हरा देती है तो उसके चार प्वाइंट हो जाएंगे.

उसका नेट रन रेट भारत से बहुत ज़्यादा है ही.

फिर भारत को दुआ करनी होगी कि ज़िम्बाब्वे भी दक्षिण अफ़्रीका को हरा दे.

इससे होगा ये कि चार-चार प्वाइंट्स के साथ भारत और वेस्ट इंडीज़ सेमीफ़ाइनल में पहुंच जाएंगे और दक्षिण अफ़्रीका और ज़िम्बाब्वे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे.

लेकिन दक्षिण अफ़्रीका के मौजूदा फ़ॉर्म को देखते हुए इस बात के आसार कम ही हैं कि ज़िम्बाब्वे उसे हरा पाएगा.

तीसरा समीकरण- भारत, दक्षिण अफ़्रीका और वेस्ट इंडीज़ के चार-चार प्वाइंट्स हों तो

वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ मैच से पहले अहदाबाद में नेट प्रेक्टिस करते दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज़ डेविड मिलर

इमेज स्रोत, Matt Roberts-ICC/ICC via Getty Images

इमेज कैप्शन, वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ मैच से पहले अहमदाबाद में नेट प्रेक्टिस करते दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज़ डेविड मिलर
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

अगर ऐसा होता है कि भारत, दक्षिण अफ़्रीका और वेस्ट इंडीज़ तीनों के ही 4-4 प्वाइंट्स हों तो क्या होगा.

ऐसी स्थिति में मामला रन रेट पर अटकेगा.

आज का मैच शुरू होने से पहले वेस्ट इंडीज़ का नेट रन रेट (एनआरआर) +5.350 है. दक्षिण अफ़्रीका का एनआरआर +3.800 है जबकि भारत का एनआरआर -3.800 है.

तो नेट रन रेट के मामले में भारत पिछड़ सकता है और उस पर बाहर होने का ख़तरा बढ़ जाएगा.

तो भारत के लिए बेस्ट सिनारियो यही है कि दक्षिण अफ़्रीका आज वेस्ट इंडीज़ को हरा दे. और भारत अपने दोनों मैच ना सिर्फ़ जीते बल्कि बड़े अंतर से जीते.

पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने एक्स पर लिखा, "भारत आज रात फेवरिट होगा लेकिन दो चीज़ों पर ध्यान देना होगा. अगर वे पहले बल्लेबाजी करते हैं, तो क्या वे अच्छा रन-रेट बनाए रखते हैं भले ही शुरुआती 2-3 विकेट जल्दी गिर जाएं. और ये देखना कि वे सीमरों की स्लो बॉल्स और स्पिन गेंदबाजी के ख़िलाफ़ कैसे खेलते हैं. यह तय करेगा कि कि वे इस टी-20 वर्ल्ड कप में कितनी दूर तक जा सकते हैं."

पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने लिखा, "आज का मैच ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ सिर्फ़ 2 पॉइंट्स के लिए नहीं है. असली बात यह है कि भारत किस इरादे के साथ बल्लेबाज़ी करता है. अगर बल्लेबाज़ों में किसी तरह की हिचकिचाहट दिखाई दी, तो यह कमजोरी का संकेत होगा. आज रात इससे शायद सीधे नुकसान न हो, लेकिन आज के मैच का आउटकम वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ होने वाले मैच में हमें परेशान कर सकता है."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.