कुवैत ने किया ड्रोन हमले का दावा, जानिए क्या बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कुवैत ने आज सुबह देश के आसमान में ड्रोन देखे जाने और जवाबी कार्रवाई की जानकारी दी है (सांकेतिक तस्वीर)
कुवैत का कहना है कि आज सुबह उस पर ड्रोन हमला किया गया.
कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल अब्दुलअज़ीज़ अल-अतवान ने बताया कि रविवार तड़के "कुवैत के आसमान में कई दुश्मन ड्रोन देखे गए, और निर्देशों के अनुसार उनका जवाब दिया गया."
इस बारे में और कोई जानकारी जारी नहीं की गई है. ईरान-अमेरिका युद्धविराम से पहले कुवैत ने कई बार ईरानी ड्रोन हमलों और उन्हें रोकने की जानकारी दी थी.
विजय के मुख्यमंत्री बनने पर क्या बोले पूर्व सीएम स्टालिन
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, तमिलगा वेट्री कड़गम पार्टी के प्रमुख सी जोसेफ़ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है.
सी जोसेफ़ विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने उन्हें बधाई दी है.
स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मैं तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय को यह ज़िम्मेदारी संभालने पर हार्दिक बधाई देता हूं."
उन्होंने कहा, "मैं उन घोषणाओं का भी स्वागत करता हूं, जिन पर उन्होंने पदभार ग्रहण करते ही तत्काल हस्ताक्षर किए हैं."
स्टालिन ने आगे कहा, "शुरू में ही यह कहना शुरू न करें कि सरकार के पास पैसे नहीं हैं. पैसे हैं. ज़रूरत तो बस लोगों तक उन्हें पहुंचाने की इच्छाशक्ति और शासन करने की क्षमता की है."
पाकिस्तान: चरमपंथी हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों की संख्या 15 हुई
इमेज स्रोत, Karim ULLAH / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, बन्नू शहर के बाहरी इलाक़े में बनी एक पुलिस चौकी से विस्फोटकों से भरी गाड़ी टकराई थी
पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा के बन्नू ज़िले में एक पुलिस चौकी पर हुए चरमपंथी हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है.
बन्नू मेडिकल एंड टीचिंग इंस्टीट्यूट के प्रवक्ता नोमान ख़ान ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की. उनके अनुसार, मरने वाले सभी लोग पुलिसकर्मी थे.
इसके अलावा, तीन घायलों को भी अस्पताल लाया गया, जिनकी हालत ख़तरे से बाहर बताई जा रही है.
इससे पहले, बन्नू रेंज पुलिस अधिकारी सज्जाद ख़ान के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि फ़तेह खेल चौकी की इमारत के मलबे से 12 पुलिसकर्मियों के शव निकाले गए, जबकि तीन कर्मियों को मलबे से ज़िंदा बाहर निकाला गया.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया था कि बन्नू शहर के बाहरी इलाक़े में बनी एक पुलिस चौकी से विस्फोटकों से भरी गाड़ी टकराई थी. एक सुरक्षा अधिकारी ने यह भी दावा किया कि धमाके के बाद चरमपंथी चौकी के अंदर घुसे और पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की.
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
यूपी: योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाओं के बीच अखिलेश यादव ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Deepak Gupta/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि आख़िरी 9 महीनों में मंत्री क्या कर लेंगे जब 9 साल तक सरकार ने कुछ नहीं किया.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "यूपी के मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियाँ हैं, इससे ज़्यादा तो दूसरे दल से पाला बदल कर आए लोग हैं, क्या उन सभी को मंत्री पद से नवाज़ा जाएगा? क्या उनमें से सबसे कमज़ोर को चुना जाएगा जिससे कि उसकी कमज़ोरी कुछ कम हो जाए?"
उन्होंने लिखा, "जिन वर्तमान मंत्रियों के विभाग कम किये जाएंगे तो क्या इससे जनता के बीच ये संदेश नहीं जाएगा कि वो नाकाम रहे, इसलिए उनसे मंत्रालय छीन लिया गया है? ऐसे मंत्री तो बिना लड़े ही क्या अपना चुनाव हार नहीं जाएंगे?"
अखिलेश यादव ने इससे पहले भी एक एक्स पोस्ट में लिखा, "सुना है यूपी में कैबिनेट का विस्तार हो रहा है या यूं कहें कि मुख्यमंत्री जी की शक्ति का ‘कटाव छटाव’ हो रहा है. जिनका मंत्रिमंडल है उनसे भी तो कोई पूछ ले. हमारी मांग है कि यूपी के मंत्रिमंडल विस्तार में महिलाओं को आरक्षण दिया जाए."
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के जन भवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाक़ात की. पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सूत्रों का कहना है कि रविवार को कैबिनेट विस्तार होने की संभावना है.
तमिलनाडु: सी जोसेफ़ विजय के सीएम बनने पर श्रीलंका के राष्ट्रपति ने की ये टिप्पणी
इमेज स्रोत, ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने कहा कि मिलकर ख़ुशहाली हासिल करने की दिशा में बढ़ेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने सी. जोसेफ़ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है.
राष्ट्रपति दिसानायके ने विजय के सीएम पद की शपथ लेने के बाद कहा कि मिलकर तरक़्क़ी और ख़ुशहाली हासिल करने की दिशा में बढ़ेंगे.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर सी. जोसेफ़ विजय को बधाई. श्रीलंका और तमिलनाडु इतिहास, संस्कृति, कारोबार और पीढ़ियों से चले आ रहे लोगों के रिश्तों से जुड़े हुए हैं. हमारा भविष्य बहुत बड़े आर्थिक अवसर और संभावनाएं लेकर आया है, क्योंकि श्रीलंका और भारत मज़बूत साझेदारी बना रहे हैं."
अनुरा कुमार दिसानायके ने लिखा, "मैं भारत-श्रीलंका की मज़बूत साझेदारी में मिलकर काम करने की उम्मीद करता हूं, ताकि और ज़्यादा तरक़्क़ी के साथ ख़ुशहाली हासिल हो सके. मैं और श्रीलंका के लोग आपको और तमिलनाडु की जनता को हर सफलता की शुभकामनाएं देते हैं."
तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय ने रविवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ली थी. उन्हें कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और वाम दलों से समर्थन मिला है.
इमेज कैप्शन, जोसेफ़ विजय के शपथ ग्रहण समारोह में भी मौजूद रहे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय को तमिलनाडु का सीएम बनने पर शुभकामनाएं दी हैं.
राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "तमिलनाडु ने एक नई पीढ़ी, एक नई आवाज़, एक नई सोच को चुन लिया है. विजय को मेरी शुभकामनाएं. वे तमिलनाडु के लोगों की उम्मीदों को पूरा करें."
जोसेफ़ विजय के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मौजूद रहे.
गौरतलब है कि विजय की पार्टी के पास बहुमत नहीं था, जिसके बाद कांग्रेस ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) से गठबंध तोड़ अपने 5 विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन दिया था.
विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ के नोटिस के बाद दी ये प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, X/@Phogat_Vinesh
इमेज कैप्शन, डब्ल्यूएफ़आई कहा है कि विनेश फोगाट 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए अयोग्य रहेंगी (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफ़आई) ने पहलवान विनेश फोगाट को अनुशासनहीनता और एंटी-डोपिंग नियम तोड़ने का आरोप लगाते हुए नोटिस भेजा है. इसके बाद विनेश फोगाट ने प्रतिक्रिया दी है.
विनेश फोगाट ने शनिवार को एक एक्स पोस्ट में शायरी लिखी, "ज़िंदगी फंसी है, किसी मझधार में, ज़माना ढूंढता है ख़ामी मेरे किरदार में... ज़िंदगी, तेरा सर सदा बुलंद रखा है, झुकाने की ताक़त नहीं किसी तलवार में."
पीटीआई के मुताबिक़, डब्ल्यूएफ़आई ने कहा था कि विनेश ने वह ज़रूरी छह महीने का नोटिस पूरा नहीं किया, जो खिलाड़ियों को रिटायरमेंट से वापसी करने पर एंटी-डोपिंग नियमों के तहत देना होता है.
इसके बाद डब्ल्यूएफ़आई ने यह भी कहा कि विनेश फोगाट 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए अयोग्य रहेंगी.
गौरतलब है कि विनेश फोगाट गोंडा में शुरू हो रहे नेशनल ओपन रैंकिंग इवेंट में खेलने की तैयारी कर रही थीं.
असम: हिमंत बिस्वा सरमा बने बीजेपी विधायक दल के नेता
इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, हिमंत बिस्वा सरमा 12 मई को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)
असम में हिमंत बिस्वा सरमा को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है.
हिमंत बिस्वा सरमा 12 मई को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
इमेज स्रोत, ANI
विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सह पर्यवेक्षक के तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को गुवाहाटी पहुंचे.
गौरतलब है कि असम में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 102 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 21 सीटें जीती हैं.
तमिलनाडु: विजय के सीएम पद की शपथ लेने के बाद पीएम मोदी ने ये कहा
इमेज स्रोत, LUIS ROBAYO/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने जोसेफ़ विजय को सीएम बनने पर शुभकामनाएं दी (फ़ाइल फ़ोटो)
तमिलगा वेत्री कड़ग़म (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ ले ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर सी. जोसेफ़ विजय को बधाई. उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं."
उन्होंने लिखा, "केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर लोगों की ज़िंदगी बेहतर बनाने के लिए काम करती रहेगी."
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीती हैं. कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के समर्थन से उन्होंने बहुमत हासिल किया है.
तमिलनाडु: विजय के शपथ लेने के बाद कमल हासन ने की ये टिप्पणी
इमेज स्रोत, Ashish Vaishnav/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
इमेज कैप्शन, कमल हासन ने सी. जोसेफ़ विजय को सीएम पद की शपथ लेने के बाद शुभकामनाएं दीं (फ़ाइल फ़ोटो)
तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. इसके बाद अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.
कमल हासन ने एक्स पर लिखा, "उम्मीद करता हूं कि टीवीके अध्यक्ष, माननीय मुख्यमंत्री मेरे भाई विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु राज्य चमके. यह नई ऊंचाइयों तक पहुंचे. मैं दिल से अपनी शुभकामनाएं देता हूं."
विजय के साथ नौ और लोगों मंत्री पद की शपथ ली है, इनमें 'बुसी' एन आनंद, आधव अर्जुना, केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, सीटीआर निर्मलकुमार, ए राजमोहन, टी. के. प्रभु और एस कीर्तना शामिल हैं.
गौरतलब है कि विजय कांग्रेस के सहयोग से गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे. राज्यपाल ने विजय को 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने का निर्देश भी दिया है.
तमिलनाडु: जोसेफ़ विजय के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे राहुल गांधी, सिनेमा जगत से आईं ये हस्तियां
इमेज स्रोत, Parveen Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी जोसेफ़ विजय के शपथ समारोह में शामिल होने के लिए चेन्नई पहुंचे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख सी जोसेफ़ विजय कुछ ही देर में चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं. शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पहुंचे हैं.
दरअसल, विजय की पार्टी के पास बहुमत नहीं था, जिसके बाद कांग्रेस ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) से गठबंध तोड़ अपने 5 विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन दे दिया.
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए अभिनेत्री तृषा कृष्णन, तमिल एक्ट्रेस सनम शेट्टी समेत कई दिग्गज हस्तियां पहुंची हैं. इसके अलावा, विजय को जिन दलों ने समर्थन दिया है, उनके नेता भी समारोह में पहुंचे हैं.
शपथ ग्रहण समारोह की वजह से शहर के मुख्य स्थानों और कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा तैनात की गई है.
गौरतलब है कि टीवीके को समर्थन देने वाले दलों में कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग शामिल हैं.
शपथ ग्रहण समारोह से पहले टीवीके चीफ़ विजय के माता-पिता ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, टीवीके चीफ़ जोसेफ़ विजय के माता-पिता ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले खुशी व्यक्त की
तमिलगा वेत्री कड़ग़म (टीवीके) के प्रमुख सी जोसेफ़ विजय रविवार को तमिलनाडु मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं.
शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होना है, कार्यक्रम से पहले सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
इस बीच जोसेफ़ विजय की मां शोभा ने एएनआई से कहा, "मैं काफ़ी खुश हूं. आज मदर्स डे भी है, मैं इस मौके पर बहुत खुश हूं."
विजय के पिता और निर्देशक एसए चंद्रशेख़र ने कहा "मैं बहुत खुश हूं, मेरा बेटा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहा है. हम इस समारोह में शामिल होने जा रहे हैं."
विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीती हैं.
हालांकि, बाद में विजय को कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने समर्थन दे दिया. इससे उन्होंने बहुमत का आंकड़ा छू लिया.
असम: 'आज एनडीए की बैठक, फिर 12 मई को शपथ ग्रहण समारोह'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, असम में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 102 सीटें मिली हैं
असम में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है. विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को गुवाहाटी पहुंचे.
इस बीच असम विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "रविवार को एनडीए की बैठक है और उससे पहले सभी बीजेपी विधायक यहां पहुंचेंगे. इस चर्चा के बाद सब कुछ तय हो जाएगा."
स्पीकर दैमारी ने बताया, "शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को होगा."
गौरतलब है कि असम में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 102 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 21 सीटें जीती हैं.
हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि बीजेपी हिमंत बिस्वा सरमा को फिर से सीएम बनाएगी या कोई बदलाव होगा.
ईरान युद्ध पर बोले रूसी राष्ट्रपति पुतिन- हमें मुश्किल स्थिति में डाल दिया
इमेज स्रोत, Ramil Sitdikov / POOL / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात की थी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उम्मीद जताई है कि ईरान के साथ चल रहा संघर्ष जल्द ख़त्म होगा, लेकिन साथ ही कहा है कि ऐसा नहीं हुआ तो सभी पक्षों को नुक़सान होगा.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "यह बहुत जटिल संघर्ष है और हमें मुश्किल स्थिति में डाल दिया है, क्योंकि ईरान और फ़ारस की खाड़ी के देशों से हमारे दोस्ताना रिश्ते हैं."
ईरान और अमेरिका से चल रही बातचीत का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "मेरे विचार में किसी भी पक्ष की इस संघर्ष को आगे बढ़ाने में दिलचस्पी नहीं है."
हाल ही में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने भी रूस की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति पुतिन से मुलाक़ात की थी.
रूस पहले भी सभी पक्षों से शांति स्थापित करने की अपील करता रहा है. रूस यह भी कह चुका है कि वह ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता करने के लिए तैयार है.
पाकिस्तान: पुलिस चौकी पर चरमपंथी हमला, तीन पुलिसकर्मियों की मौत
इमेज स्रोत, JEWEL SAMAD/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि चौकी पर तैनात 15 पुलिसकर्मियों में से ज़्यादातर के मारे जाने की आशंका (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में एक चरमपंथी हमले में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, बन्नू शहर के बाहरी इलाक़े में बनी एक पुलिस चौकी से विस्फोटकों से भरी गाड़ी टकराई. इसके बाद धमाका हुआ और तीन पुलिस वालों की मौत हो गई.
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया, "जब और पुलिसकर्मी मदद के लिए मौक़े पर पहुँचे तो उन पर भी घात लगाकर हमला किया गया."
पुलिस अधिकारी सज्जाद ख़ान ने कहा, "चौकी पर तैनात 15 पुलिसकर्मियों में से ज़्यादातर के मारे जाने की आशंका है और चौकी पूरी तरह तबाह हो गई है."
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, "आतंकियों ने पहले विस्फोटक से भरी कार से चौकी पर हमला किया, फिर अंदर घुसकर पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की."
उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "अन्य सुरक्षा बलों को मदद के लिए भेजा गया, लेकिन आतंकियों ने उन पर भी घात लगाकर हमला किया और कुछ हताहत भी हुए."
इस हमले की ज़िम्मेदारी इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन नाम के चरमपंथी संगठन ने ली है.
सुप्रिया सुले की कार में एक गाड़ी ने बगल से मारी टक्कर, सभी सुरक्षित
इमेज स्रोत, Anshuman Poyrekar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, सुप्रिया सुले पुणे से मुंबई जा रही थीं
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) की नेता और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि उनकी गाड़ी का शनिवार को पुणे-मुंबई हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया.
सुप्रिया सुले ने एक्स पर लिखा, "पुणे से मुंबई जाते समय हाईवे पर बहुत ख़राब अनुभव रहा. एक गाड़ी ने मेरी कार के बगल में टक्कर मार दी. शुक्र है कि सब लोग सुरक्षित हैं."
उन्होंने लिखा, "ऐसी घटनाएं हमें यह याद दिलाती हैं कि तेज़ रफ़्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाना कितनी ज़िंदगियों को ख़तरे में डाल सकता है. मैं सभी से अपील करती हूं कि सीट बेल्ट लगाएं, सतर्क रहें और ज़िम्मेदारी से गाड़ी चलाएं ताकि हाईवे सबके लिए सुरक्षित रहे."
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.