गुरुवार, 31 मार्च, 2005 को 09:19 GMT तक के समाचार
उद्योगपति ओपी जिंदल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के बेटे सुरेंदर सिंह की एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई है.
ओ पी जिंदल हरियाणा में हाल ही में सत्ता में आई कांग्रेस सरकार में ऊर्जा मंत्री और सुरेंदर सिंह कृषि मंत्री थे.
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हूडा की सरकार ने दोनों मंत्रियों के आकस्मिक निधन पर राज्य में तीन दिन के शोक की घोषणा की है.
ये दुर्घटना गुरूवार को दोपहर साढ़े बारह बजे के लगभग उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गंगोह क़स्बे के पास हुई.
हादसे में पायलट कर्नल टीएस चौहान की भी मौत हो गई.
हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ से दिल्ली जा रहा था.
तीन लोग घायल हुए हैं जिनमें हरियाणा के एक विधायक वेद गोयल भी हैं.
केंद्र सरकार ने दुर्घटना के कारणों की जाँच के आदेश दे दिए हैं.
मंत्री
75 वर्षीय ओ पी जिंदल अपने पीछे पत्नी, चार बच्चे और पाँच बेटियों को छोड़ गए हैं.
वहीं 59 वर्षीय सुरेंदर सिंह अपने पीछे पत्नी और एक बेटी को छोड़ गए हैं.
ओ पी जिंदल के बेटे नवीन जिंदल कुरूक्षेत्र से लोकसभा के सांसद हैं जबकि सुरेंदर सिंह की पत्नी किरण चौधरी दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं.
ओपी जिंदल जिंदल 10,000 करोड़ रूपए के उद्योगसमूह के चेयरमैन थे और उनको स्टील मैगनेट के नाम से भी जाना जाता है.
सुरेंदर सिंह के भाई रणवीर सिंह महिंद्रा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष और हरियाणा के विधायक हैं.
नया हेलिकॉप्टर
केंद्र सरकार ने हादसे की जाँच के आदेश दे दिए हैं.
नागरिक विमानन मंत्री प्रफ़ुल्ल पटेल ने कहा है कि इस हादसे की जाँच निदेशालय के उप निदेशक पीके चटोपाध्याय करेंगे.
अधिकारियों का कहना है कि यह हेलिकॉप्टर नया ही था और दिसंबर में ही भारत लाया गया था.
दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर जिंदल समूह का ही था.
प्रफ़ुल्ल पटेल ने भी कहा कि चार दिन पहले ही हेलिकॉप्टर की तकनीकी जाँच की गई थी.