शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट पेपर लीक की ज़िम्मेदारी लेते हुए क्या कहा

इमेज स्रोत, ANI
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 'गेस पेपर' के नाम पर असली सवाल लीक हुए थे.
धर्मेंद्र प्रधान ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "नीट यूजी 2026 परीक्षा में पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद परीक्षा रद्द करने का फ़ैसला लिया गया."
उन्होंने बताया कि दोबारा परीक्षा अब 21 जून को आयोजित की जाएगी.
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "परीक्षा 3 मई को हुई थी और 7 मई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए को शिकायत मिली कि 'गेस पेपर' में मौजूद कुछ सवाल इस बार के प्रश्नपत्र से मेल खा रहे थे."
इसके बाद उच्च शिक्षा विभाग ने तुरंत जांच शुरू की और मामला सरकारी एजेंसी को सौंप दिया गया.
उन्होंने कहा, “राज्य एजेंसियों से संपर्क किया गया और 12 मई तक यह पुष्टि हो गई कि गेस पेपर के नाम पर असली परीक्षा के सवाल लीक हुए थे.”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि “फ़र्ज़ी अभ्यर्थियों की साज़िश या शिक्षा माफिया” की वजह से किसी योग्य छात्र का नुकसान हो.
धर्मेंद्र प्रधान ने यह भी कहा कि पिछली बार सामने आई अनियमितताओं के बाद राधाकृष्णन समिति बनाई गई थी और उसकी सिफ़ारिशों को 2025 और 2026 दोनों परीक्षाओं में “शब्दशः” लागू किया गया था. इसके बावजूद यह घटना सामने आई.
सरकार और एनटीए अब परीक्षा प्रक्रिया को लेकर फिर से सवालों के घेरे में हैं. लगातार दूसरे साल परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर बहस तेज़ हो गई है.







