सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी ने क्या कहा

इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया.
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने दावा किया है कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया.
मामले पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि वांगचुक की मांग सुनने की बजाय उन्हें जबरन अस्पताल ले जाया गया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "ये क्या गुंडागर्दी चल रही है? मोदी जी ये सत्ता का अहंकार लंबे समय तक नहीं चलता. जिस युवा पर लाठी चला रहे हो, यही आपका तख़्त उखाड़ेगा. एक शख़्स जो पिछले 21 दिनों से आमरण अनशन पर है, उनकी मांगें सुनने के बजाय उनको जबरन गिरफ़्तार करके अस्पताल में भर्ती करा दिया गया."
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को कुचला जा रहा है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "सोनम वांगचुक जी को जबरन हटाना सिर्फ एक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को कुचलना है. भाजपा सरकार को अब शांतिपूर्ण विरोध भी बर्दाश्त नहीं- यह तानाशाही है."
शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में लोकतंत्र को जबरन तोड़ा जा रहा है और सरकार छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध को भी बर्दाश्त नहीं कर रही है.
आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कितनी शर्म की बात है! पूरी दुनिया देख रही है कि भारत में लोकतंत्र को ज़बरदस्ती और बेहयाई से तोड़ा जा रहा है. अब तो छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध भी बर्दाश्त नहीं किए जा रहे, सिर्फ इसलिए कि मंत्री नाकाबिल है.”
वहीं, जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक 28 जून से अपनी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे हैं. शनिवार को उनकी भूख हड़ताल 21वें दिन में प्रवेश कर चुकी है.











