लाइव, यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को पर किया बड़ा हमला, एक भारतीय नागरिक की भी मौत

यूक्रेन ने रविवार रात को रूस की राजधानी मॉस्को पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया है. रूसी अधिकारियों ने बताया कि हमले में तीन लोगों की मौत हो गई.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को पर किया बड़ा हमला, एक भारतीय नागरिक की भी मौत, टोबी मान और जारोस्लाव लुकीव

    मॉस्को

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, बीते एक साल की अवधि में यह यूक्रेन का मॉस्को पर सबसे बड़ा हमला (फ़ाइल फ़ोटो)

    यूक्रेन ने रविवार रात को रूस की राजधानी मॉस्को पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया है. रूसी अधिकारियों ने बताया कि हमले में तीन लोगों की मौत हो गई.

    रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास ने कहा कि बीते एक साल की अवधि में यह मॉस्को पर सबसे बड़ा हमला है.

    भारत के मॉस्को दूतावास ने बताया कि मरने वालों में एक भारतीय नागरिक भी है और तीन लोग घायल हुए हैं.

    यूक्रेन ने भी रूस पर किए गए हमलों की पुष्टि की है. राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि ये हमले 'पूरी तरह जायज़' जवाब हैं, क्योंकि रूस ने यूक्रेनी शहरों पर घातक हमले किए थे.

    गौरतलब है कि हाल ही में रूस ने यूक्रेन की राजधानी किएव में बड़े ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे, इनमें 24 लोगों की मौत हुई थी.

  2. केरल: वीडी सतीशन आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, जानें समारोह में कौन-कौन होगा शामिल

    वीडी सतीशन

    इमेज स्रोत, Facebook/@VDSatheeshanParavur

    इमेज कैप्शन, वीडी सतीशन केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, उनके साथ 20 मंत्री भी शपथ लेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    केरल में आज यानी सोमवार को कांग्रेस नेता वीडी सतीशन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे शुरू होगा.

    केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की नई सरकार में 20 मंत्री भी शपथ लेंगे, इनके नामों की घोषणा रविवार को ही हो गई थी.

    कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल होंगे.

    कांग्रेस ने विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का पद अपने पास ही रखा है. कांग्रेस ने तिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा स्पीकर और शनिमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाया है.

    केरल विधानसभा की 140 सीटों पर नौ अप्रैल को मतदान हुआ था. चार मई को आए नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ़ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

  3. पीएम मोदी को मिला स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, X/@Narendramodi

    इमेज कैप्शन, यह प्रधानमंत्री मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन में ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ सम्मान मिला है.

    यह स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान है, जो किसी भी देश के प्रधानमंत्री या राष्ट्र प्रमुख को दिया जाता है.

    पीएम मोदी को स्वीडन के ग्योथेनबर्ग शहर में रविवार को यह सम्मान दिया गया. यह प्रधानमंत्री मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है.

    पीएम मोदी के सम्मान के दौरान स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन समेत कई नेता मौजूद रहे.

    "रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार" की शुरुआत साल 1748 में हुई थी. इसका मक़सद स्वीडन या स्वीडन के हितों के लिए किए गए कामों को पहचान देना है.

    ख़ासकर सार्वजनिक गतिविधियों में योगदान और ज़िम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाने वाले लोगों को यह सम्मान दिया जाता है.

  4. अमेरिका के दो लड़ाकू विमान आपस में टकराए, इनमें सवार क्रू का क्या हुआ?, नार्डिन साद

    एयर शो में हादसा

    इमेज स्रोत, Sarah A. Miller/Idaho Statesman/Tribune News Service via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी नौसेना की मानें तो जो जेट टकराए, उनकी क़ीमत लगभग 7 करोड़ डॉलर है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका में एक एयर शो के दौरान दो लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए. गनीमत ये रही कि जेट से सभी एयरक्रू सुरक्षित तरीक़े से बाहर निकल गए थे.

    यह हादसा रविवार को हुआ, जो गनफ़ाइटर स्काईज़ एयर शो का आख़िरी दिन था. यहां पर ईए 18-जी जेट आपस में टकराए, जिसके बाद चारों क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए.

    इस हादसे के बाद आग लग गई और बेस को थोड़ी देर के लिए बंद कर दिया गया. एयर शो के बाक़ी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए और जांच शुरू कर दी गई.

    माउंटेन एयर फ़ोर्स बेस गनफ़ाइटर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, "इस घटना में शामिल एयरक्रू सुरक्षित हालत में हैं. हमारे मेहमानों का धन्यवाद, जिनके धैर्य और सहयोग ने हमें जल्दी और सुरक्षित तरीक़े से घटना पर प्रतिक्रिया देने में मदद की."

    कमांडर अमेलिया उमायम ने सीबीएस न्यूज़ को बताया कि क्रू सदस्यों की जांच मेडिकल टीम कर रही है.

    अमेरिकी नौसेना के मुताबिक़, इन जेट की क़ीमत लगभग 7 करोड़ डॉलर यानी 672 करोड़ रुपए है.

    इससे पहले 2018 में गनफ़ाइटर स्काईज़ एयर शो में एक ग्लाइडर पायलट की दुर्घटना में मौत हो गई थी.

  5. डोनाल्ड ट्रंप ने दी ईरान को चेतावनी, 'समय निकलता जा रहा है', एला किपलिंग

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप पहले भी चेतावनी दे चुके कि युद्धविराम 'लाइफ़ सपोर्ट' पर है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम जारी है, लेकिन अभी तक संघर्ष स्थायी तौर पर नहीं रुका है. अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि समय निकलता जा रहा है.

    जंग ख़त्म करने की बातचीत अटक जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि घड़ी की सुई तेज़ी से घूम रही है.

    ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान का समय निकल रहा है, उन्हें तुरंत क़दम उठाने होंगे, वरना उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा. समय बहुत अहम है."

    दूसरी ओर, ईरानी मीडिया ने बताया कि अमेरिका ने ईरान के ताज़ा प्रस्तावों पर कोई क़दम नहीं उठाया है. मेहर न्यूज़ एजेंसी ने कहा कि अमेरिका का समझौता न करना बातचीत को रुकावट की तरफ़ ले जाएगा.

    बीते हफ़्ते ही ईरान ने अमेरिका की मांगों को ख़ारिज किया था, तब भी ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि युद्धविराम "लाइफ़ सपोर्ट" पर है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.