उद्धव ठाकरे की शिवसेना और एमएनएस का ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ मार्च, जान्हवी मुले, बीबीसी संवाददाता

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर उद्धव ठाकरे की शिवसेना और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने रविवार को मुंबई में 'गर्जना मोर्चा' का आह्वान किया है.
इस मार्च में शामिल होने के लिए उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे मौक़े पर पहुंच चुके हैं. इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक जुटे हुए हैं.
दोनों दल मेट्रो सिनेमा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पास स्थित बृहन्मुंबई नगर निगम की इमारत तक पैदल मार्च करेंगे.
इस मार्च में लोगों से तिरंगे झंडे के साथ शामिल होने की अपील की गई है. मार्च के दौरान किसी भी पार्टी का झंडा नहीं दिखाई देगा.
अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस की इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग लगातार हो रही है.
दो अक्तूबर को भी शिवाजी पार्क के पास कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने विरोध प्रदर्शन किया था.















