कॉकरोच जनता पार्टी का आज नागपुर में प्रदर्शन, क्या बोले अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका

इमेज स्रोत, Arun Kumar/ The India Today Group via Getty Images
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) गुरुवार को नागपुर में 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' कार्यक्रम करेगी. यह प्रदर्शन शाम 4 बजे संविधान चौक पर होना है.
इससे पहले सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि देश में डिजिटल सेंसरशिप लागू की जा रही है.
उन्होंने गुरुवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "जनवरी से जून 2026 के बीच, मेटा द्वारा 54 लाख पोस्ट डिलीट कर दिए. हर बार एक ही कारण दिया जाता है कि ऐसा सरकार के कहने पर हुआ है या नियमों का पालन करते हुए ऐसा किया गया."
"इस देश में ऐसा क्या हो गया है कि सिर्फ़ छह महीनों में 54 लाख पोस्ट डिलीट करने पड़े? जबकि पीएम मोदी से समर्थन से जुड़े कंटेंट को एल्गोरिदम पुश करता है, जबकि बाबासाहेब से जुड़े कंटेंट को एल्गोरिदम नीचे कर देता है. हम मुद्दे उठाने की कोशिश करते हैं, तब भी एल्गोरिदम इसे ख़त्म कर देता है."
रांका ने कहा, "इस देश में खुलेआम तरीके से डिजिटल सेंसरशिप लागू की जा रही है, जिसे हम बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करेंगे. हम एकजुट होकर इसके ख़िलाफ़ अपनी आवाज़ उठाएंगे."
वहीं, सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया. साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पीएम मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य पॉलिटिकल पोस्ट को दबाया जा रहा है.












