लाइव, ईरान में अमेरिकी सैनिक भेजे जाने के सवाल पर अब क्या बोले ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अभी तक इसको लेकर फ़ैसला नहीं किया है कि ईरान में अमेरिका के सैनिक भेजे जाएं या नहीं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. ईरान में अमेरिकी सैनिक भेजे जाने के सवाल पर अब क्या बोले ट्रंप

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Roberto Schmidt/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने दोहराया कि उन्हें मोजतबा ख़ामेनेई के सर्वोच्च नेता चुने जाने से 'ख़ुशी नहीं' है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अभी तक इसको लेकर फ़ैसला नहीं किया है कि ईरान में अमेरिका के सैनिक भेजे जाएं या नहीं.

    न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक़, डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह यूरेनियम के भंडार को सुरक्षित करने के लिए सैनिक भेजने पर विचार करेंगे?

    इस पर ट्रंप ने कहा, "हमने इस पर कोई फ़ैसला नहीं किया है. हमने इसके बारे में सोचा नहीं है."

    डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी दोहराया कि उन्हें मोजतबा ख़ामेनेई के सर्वोच्च नेता चुने जाने से 'ख़ुशी नहीं' है.

  3. यूपीएससी: 301वीं रैंक पर दो महिलाओं का दावा, पीआईबी ने जारी किया बयान

    संघ लोक सेवा आयोग

    इमेज स्रोत, Yasbant Negi/The The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीआईबी ने बताया है कि यह रैंक ग़ाज़ीपुर की रहने वाली आकांक्षा सिंह की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विसेज़ परीक्षा का परिणाम आने के बाद 301वीं रैंक पर विवाद था. अब पीआईबी ने बताया है कि यह रैंक ग़ाज़ीपुर की रहने वाली आकांक्षा सिंह की है.

    दरअसल, यूपीएससी रिज़ल्ट 2025 की 301वीं रैंक पर दो महिलाओं ने दावा किया. दोनों का ही नाम आकांक्षा सिंह है.

    इसके बाद यूपीएससी ने पीआईबी के जरिए एक प्रेस रिलीज़ में जानकारी देते हुए बताया कि इस रैंक पर यूपी के ग़ाज़ीपुर की रहने वाली आकांक्षा सिंह हैं, जिनके पिता का नाम रणजीत सिंह है.

    गौरतलब है कि यूपीएससी सिविल सर्विसेज़ परीक्षा का परिणाम 6 मार्च को जारी हुआ था, इसमें राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने पहली रैंक हासिल की थी.

  4. बेंगलुरु के होटल मालिकों की चेतावनी- कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई रुकी तो होटल बंद करने की आएगी नौबत, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    सिलेंडर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन के नेता 11 या 12 मार्च को दिल्ली जाने वाले हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कर्नाटक में होटल कारोबारियों ने चेतावनी दी है कि अगर तेल कंपनियों ने तुरंत कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई फिर शुरू नहीं की, तो अगले कुछ दिनों में होटल बंद करने की नौबत आ सकती है.

    बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुब्रमण्य होल्ला ने बीबीसी हिन्दी से कहा, “हम होटल बंद नहीं कर रहे हैं. लेकिन सिलेंडरों के मौजूदा स्टॉक के आधार पर होटल मालिक मेन्यू में उपलब्ध आइटम कम करने का फैसला कर सकते हैं.”

    उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि कमी है या नहीं. हमें सिर्फ इतना पता है कि तेल कंपनियों के पास एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक नहीं है. हम पूरी तरह एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर हैं.”

    उन्होंने कहा, “तेल कंपनियों की तरफ से कोई यह नहीं बता रहा है कि कमी है या नहीं, या फिर सप्लाई कब शुरू होगी.”

    उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के नेता 11 या 12 मार्च को दिल्ली जाने वाले हैं और उन्हें समय दिया गया तो वे पेट्रोलियम मंत्री से मिलेंगे.

    होल्ला ने कहा कि कमी और आपूर्ति का मुद्दा उस समय गंभीर हो गया, जब केंद्र सरकार की एक अधिसूचना में कहा गया कि घरेलू एलपीजी को प्राथमिकता दी जाएगी. इसके बाद जिन लोगों के पास पर्याप्त स्टॉक था, वे ऊंची कीमत पर गैस सिलेंडर देने की पेशकश करने लगे.

    दो दिन पहले केंद्र सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 115 रुपये बढ़ाई थी, जिसके बाद इसकी कीमत 1800 रुपये हो गई है.

    होल्ला ने कहा, “कुछ लोग कथित तौर पर प्रति सिलेंडर 2500 रुपये तक कीमत बता रहे हैं.”

    उधर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पत्रकारों से कहा कि होटल एसोसिएशन की चिंता की वजह “कमी नहीं, बल्कि कीमतों में बढ़ोतरी” है.

  5. ईरान के नए सुप्रीम लीडर पर चीन की पहली प्रतिक्रिया आई

    शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Vincent Thian / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मोजतबा ख़ामेनेई को सुप्रीम लीडर बनने पर चीन ने इसे ईरान का 'अंदरूनी फ़ैसला' बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा ख़ामेनेई को सुप्रीम लीडर चुना गया है. चीन ने इसे ईरान का 'अंदरूनी फ़ैसला' बताया है.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, "हमने इस बारे में ख़बरें देखी हैं कि ईरान में नए सुप्रीम लीडर का चुनाव हो गया. यह ईरान का अपना फ़ैसला है, जो देश के संविधान के अनुसार लिया गया है."

    गुओ जियाकुन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था, "नए सुप्रीम लीडर ज़्यादा समय तक नहीं टिक पाएंगे."

    जियाकुन ने कहा, "चीन किसी दूसरे देशों के आंतरिक मामलों में दख़ल देने का विरोध करता है. ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान होना चाहिए. चीन मांग करता है कि सैन्य कार्रवाई तुरंत रोकी जाए, बातचीत और समझौते की ओर जल्द लौटना चाहिए. तनाव को और बढ़ाने से बचना चाहिए."

    इसके अलावा, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई को बधाई दी है. साथ ही कहा है, "हम ईरान के भरोसेमंद साथी बने रहेंगे."

  6. नए सुप्रीम लीडर पर ईरानियों की प्रतिक्रिया, एक ने कहा- मोजतबा अपने पिता से भी बुरे

    मोजतबा

    इमेज स्रोत, Atta KENARE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, तस्वीर मध्य तेहरान की है, जहां मोजतबा खामेनेई के समर्थन में रैली आयोजित हुई

    ईरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटे मोजतबा नए सुप्रीम लीडर के तौर पर चुने गए हैं. ईरान के लोगों ने इस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है. सरकार समर्थित लोग जश्न मना रहे हैं, जबकि कुछ लोग ख़फ़ा हैं.

    बीबीसी फ़ारसी ने ईरान के लोगों से बात की. तेहरान की एक 40 वर्षीय महिला ने कहा, "मोजतबा अपने पिता से भी बुरे हैं. मुझे लगता है कि अमेरिका और इसराइल उन्हें भी निशाना बनाएंगे."

    महिला ने कहा, "जब तक मोजतबा को चुना नहीं गया, तब तक हर कोई उनके ख़िलाफ़ नारे लगा रहा था. सरकार समर्थित लोगों के अलावा उनकी स्वीकार्यता कहीं नहीं है."

    20 वर्षीय युवती ने कहा, "मोजतबा अपने पिता से भी दमनकारी है. मैं सच में चाहती हूं कि इन अधिकारियों की ज़िंदगी युद्ध में ही ख़त्म हो जाए. वरना अगर हम मोजतबा के राज में रहे तो ख़त्म हो जाएंगे."

    दूसरी तरफ़, ईरान में शासन समर्थक लोग तेहरान की सड़कों पर मोजतबा ख़ामेनेई को नया सर्वोच्च नेता बनाए जाने का जश्न मनाने निकले हैं.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, आज सुबह ईरान की राजधानी के एक बड़े चौक में हज़ारों लोग नए नेता के प्रति निष्ठा जताने पहुंचे.

  7. भारतीय दूतावास ने जंग के बीच ईरान में रह रहे भारतीयों को दी ज़रूरी सलाह

    ईरान

    इमेज स्रोत, Contributor/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय दूतावास ने इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं

    ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइज़री जारी की है. इसमें भारतीय नागरिकों को ईरान के बाहर जाने के लिए ज़मीनी बॉर्डर पर जाने से पहले दूतावास को बताने के लिए कहा गया है.

    भारतीय दूतावास ने एडवाइज़री में लिखा, "भारतीय नागरिक बग़ैर दूतावास को बताए ईरान से बाहर जाने के लिए किसी भी ज़मीनी बॉर्डर पर न जाएं. ज़मीनी बॉर्डर की ओर जाने से पहले दूतावास से स्पष्ट निर्देश लेना ज़रूरी है."

    आगे कहा गया है, "यह ध्यान रखें कि अगर कोई व्यक्ति ईरान की सीमा पार कर लेता है और तीसरे देश में प्रवेश नहीं कर पाता, तो दूतावास मदद नहीं कर पाएगा."

    भारतीय दूतावास ने इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं:

    मोबाइल नंबर: +98 9128109115, +98 9128109102, +98 9128109109, +98 9932179359

    ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in

  8. शरजील इमाम को 10 दिन की अंतरिम ज़मानत मिली, ये है वजह

    शरजील इमाम

    इमेज स्रोत, Amal KS/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, शरजील इमाम को 20 मार्च से 30 मार्च तक अंतरिम ज़मानत मिली (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को दिल्ली दंगों की कथित साज़िश से जुड़े मामले में शरजील इमाम को अंतरिम ज़मानत दी.

    यह ज़मानत उन्हें अपने भाई की शादी में शामिल होने और बीमार माँ की देखभाल करने के लिए दी गई है.

    बार एंड बेंच के अनुसार, कड़कड़डूमा कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समीर बाजपेयी ने शरजील को 10 दिन की यानी 20 मार्च से 30 मार्च तक अंतरिम ज़मानत दी.

    अदालत ने कहा, "ज़मानत के दौरान शरजील इमाम मीडिया से बात नहीं करेंगे और सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं करेंगे. उन्हें सिर्फ अपने परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने की इजाज़त होगी."

    गौरतलब है कि शरजील इमाम जनवरी 2020 से जेल में हैं. उन पर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं.

    उन्हें अन्य मामलों में ज़मानत मिल चुकी है, लेकिन दिल्ली दंगों की कथित साज़िश वाले केस में वे जेल में हैं. इस केस में दिल्ली पुलिस ने यूएपीए लगाया है.

  9. कार्टून : कोई फ़र्क नहीं पड़ता

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, अमेरिका और इसराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने पर आज का कार्टून.
  10. राष्ट्रपति पुतिन ने मोजतबा ख़ामेनेई के ईरान का सुप्रीम लीडर बनने पर क्या कहा?

    पुतिन

    इमेज स्रोत, Mikhail METZEL / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि 'हम ईरान के भरोसेमंद साथी बने रहेंगे' (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मोजतबा ख़ामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनने पर बधाई दी है.

    पुतिन ने क्रेमलिन की वेबसाइट पर जारी संदेश में लिखा, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के सर्वोच्च नेता बनने पर मोजतबा ख़ामेनेई मेरी बधाई स्वीकार करें."

    रूसी राष्ट्रपति ने कहा, "तेहरान के लिए रूस अपना अटूट समर्थन और ईरानी दोस्तों के साथ एकजुटता को दोहराता है. वादा करते हैं कि हम एक भरोसेमंद साथी बने रहेंगे."

    उन्होंने कहा, "जब ईरान सशस्त्र हमले का सामना कर रहा है, इस ऊंचे पद पर बैठने के लिए बहुत साहस और समर्पण की ज़रूरत होगी. मुझे विश्वास है कि आप अपने पिता का काम सम्मानपूर्वक आगे बढ़ाएंगे और इस कठिन समय में ईरानी जनता को एकजुट करेंगे."

    गौरतलब है कि ईरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटे मोजतबा ख़ामेनेई नए सुप्रीम लीडर चुने गए हैं. उनके चुनाव पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो ख़ुश नहीं हैं.

  11. राहुल गांधी बोले- पश्चिम एशिया की लड़ाई से भारत की अर्थव्यवस्था को होगा बड़ा नुक़सान

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम एशिया का मामला अहम है लेकिन सरकार इस पर चर्चा नहीं चाहती

    संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण भी हंगामेदार रहा. विपक्ष ने अमेरिका-इसराइल और ईरान जंग से भारत पर होने वाले असर पर चर्चा की मांग की.

    जबकि सरकार का कहना है कि विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव का मोशन लाया, हम इस पर चर्चा करने पर तैयार थे.

    विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा, "पश्चिम एशिया की लड़ाई से हमारी अर्थव्यवस्था को बड़ा नुक़सान होगा. पीएम मोदी ने अमेरिका के साथ डील की है, देश को बड़ा झटका लगने वाला है. हम इस पर संसद में चर्चा करने की मांग कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "क्या पश्चिम एशिया का मामला अहम नहीं है? क्या ईंधन की क़ीमतें और आर्थिक संकट चर्चा के लायक मुद्दे नहीं हैं? ये जनता के मुद्दे हैं. हम इन्हें अहम मानते हैं और चर्चा चाहते हैं. लेकिन वे चर्चा नहीं करना चाहते क्योंकि उससे और बातें सामने आएंगी, पीएम की स्थिति सामने आएगी. ये सामने आ जाएगा कि कैसे वे समझौता कर चुके हैं और कैसे उन्हें दबाव में रखा जा रहा है. इसलिए वे चर्चा नहीं चाहते."

    केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पर नोटिस कांग्रेस पार्टी के कहने पर स्वीकार किया गया. उनसे बात करने के बाद तय हुआ कि इस पर आज चर्चा होगी. उसी समय वे एक और प्रस्ताव ले आए. उन्हें न तो संसदीय प्रक्रिया की समझ है और न ही संविधान का सम्मान."

    गौरतलब है कि सदन की कार्यवाही 3 बजे फिर से शुरू हुई, लेकिन हंगामे की वजह से कार्यवाही को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

  12. नैनीतालः पुलिस ने कहा पर्यटक से रेप की कोशिश, बचने के लिए 6 घंटे जंगल में छिपी रही युवती, अबु बकर, बीबीसी हिन्दी के लिए

    नैनीताल पुलिस

    इमेज स्रोत, Abu Bakar

    इमेज कैप्शन, पुलिस जांच में पता चला है कि अभियुक्त के ख़िलाफ़ पहले भी एक मामला दर्ज है

    उत्तराखंड के नैनीताल में पर्यटक युवती से रेप की कोशिश और लूट के मामले में अभियुक्त टैक्सी चालक को नैनीताल पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक़, युवती दिल्ली की रहने वाली है जो नैनीताल घूमने आई थी.

    नैनीताल के एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "युवती ने 5 मार्च की रात क़रीब 1:30 बजे हल्द्वानी काठगोदाम से एक टैक्सी बुक की थी. टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा युवती को नैनीताल ले जाने की बजाय सूनसान सड़क पर ले गया."

    "युवती ने दावा किया है कि टैक्सी चालक ने सूनसान रास्ते पर गाड़ी रोककर रेप की कोशिश की, मारपीट की और मोबाइल लूट लिया."

    पुलिस जांच में पता चला है कि युवती ने देर रात किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी. युवती का दावा है कि वह रात में क़रीब 6 घंटे तक जंगल में अकेली रही और दिन होने पर एक स्थानीय महिला के पास पहुंची.

    एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के मुताबिक़, “घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और फ़ॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया. सीसीटीवी और जीपीएस सिस्टम की मदद से अभियुक्त दीपक सिंह बोरा को गिरफ़्तार किया और घटना में इस्तेमाल की गई टैक्सी भी बरामद की.”

    पुलिस के मुताबिक़, अभियुक्त से महिला का लूटा हुआ मोबाइल फ़ोन भी बरामद कर लिया है. पुलिस जांच में ये भी पता चला है कि अभियुक्त के ख़िलाफ़ पहले भी एक मामला दर्ज है.

  13. अमेरिका-इसराइल और ईरान के युद्ध से अर्थव्यवस्था पर होने वाले असर पर बोले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री

    किएर स्टार्मर

    इमेज स्रोत, Jaimi Joy/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्रिटेन के पीएम किएर स्टार्मर ने अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता ज़ाहिर की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि 'अमेरिका-इसराइल और ईरान का युद्ध जितना लंबा चलेगा, अर्थव्यवस्था पर उतना ही ख़तरा बढ़ेगा.'

    पीएम स्टार्मर ने लंदन स्थित एक कम्युनिटी सेंटर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कहा, "ब्रिटेन दूसरे देशों से बात कर रहा है, ताकि मिलकर यह देखा जा सके कि युद्ध से होने वाले आर्थिक प्रभाव को कैसे कम किया जाए."

    स्टार्मर ने कहा, "लेबर सरकार ने देश को आर्थिक रूप से मज़बूत बनाने के लिए बहुत काम किया है. वित्त मंत्री रेचल रीव्स रोज़ाना बैंक ऑफ़ इंग्लैंड के गवर्नर से बात कर रही हैं."

    "सरकार अंतरराष्ट्रीय साथियों से भी बात कर रही है, ताकि हम मिलकर यह तय कर सकें यहां के लोगों और व्यापार पर प्रभाव को कैसे कम करें."

    उन्होंने कहा कि यह सरकार का काम है कि अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ने से पहले ही इससे बचने की तैयारी कर लें.

    गौरतलब है कि अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच की लड़ाई का आज दसवां दिन है. ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री का दावा है कि युद्ध में अब तक उनके यहां 1255 लोगों की मौत हो चुकी है.

  14. ख़ामेनेई की मौत पर शोक जताने ईरानी दूतावास पहुंचे ये नेता

    महबूबा मुफ़्ती और मुख़्तार अब्बास नक़वी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती और बीजेपी नेता मुख़्तार अब्बास नक़वी ने शोक पुस्तिका पर साइन किया

    ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत पर कई नेताओं ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास में शोक पुस्तिक पर हस्ताक्षर किए हैं.

    इनमें जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती, बीजेपी नेता मुख़्तार अब्बास नक़वी और शिरोमणि अकाली दल के नेता भी शामिल हैं.

    पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने कहा, "हम यहां आए हैं ताकि ईरान के लोगों को यह बता सकें कि हम उनकी संवेदनाओं में शामिल हैं. हम महान ईरानी सर्वोच्च नेता को उनकी शहादत पर श्रद्धांजलि देने आए हैं. ईरान के लोगों को यह भरोसा दिलाने आए हैं कि कश्मीरी लोग उनके साथ हैं."

    बीजेपी नेता मुख़्तार अब्बास नक़वी ने मीडिया से बातचीत में ख़ामेनेई को 'महान आध्यात्मिक शख़्सियत' बताया. उन्होंने कहा, "ख़ामेनेई की शहादत को शब्दों में नहीं कहा जा सकता. भारत बुद्ध की धरती है, हमेशा शांति का समर्थक रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बार-बार कहा है कि किसी भी समस्या का हल सिर्फ़ शांति के रास्ते से ही निकल सकता है. युद्ध कोई समाधान नहीं है."

    पीटीआई के मुताबिक़, शिरोमणि अकाली दल की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना के नेतृत्व में भी एक सिख प्रतिनिधिमंडल ईरान दूतावास पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने शोक पुस्तिका पर साइन किए और ईरान के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की.

  15. शराब नीति वाले केस में हाईकोर्ट ने सीबीआई को लेकर ट्रायल कोर्ट की टिप्पणी पर रोक लगाई

    मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Ishant Chauhan/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, बीते दिनों राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया था

    दिल्ली शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य बरी किए गए लोगों के ख़िलाफ़ दिल्ली हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है.

    हाईकोर्ट ने सोमवार को ट्रायल कोर्ट के फ़ैसले को चुनौती देने वाली केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की याचिका पर सुनवाई की.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, दिल्ली हाईकोर्ट ने सीबीआई पर ट्रायल कोर्ट की ओर से की गई टिप्पणियों पर रोक लगा दी है. साथ ही ट्रायल कोर्ट को इस मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की सुनवाई तब तक के लिए टालने के निर्देश दिए हैं, जब तक सीबीआई की याचिका पर फ़ैसला नहीं आ जाता.

    सुनवाई के दौरान जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने कहा, "जांच एजेंसी और अधिकारी के ख़िलाफ़ की गई किसी भी टिप्पणी और बयान के संबंध में मैं स्थगन आदेश जारी करूंगी. मैं निचली अदालत से पीएमएलए मामले की सुनवाई इस अदालत की सुनवाई पूरी होने तक टालने का अनुरोध करूंगी."

    बीते दिनों दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत सभी अभियुक्तों को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया था.

    अदालत ने फ़ैसला सुनाते हुए सीबीआई की जांच में खामियों पर कड़ी टिप्पणी की थी. स्पेशल जज जितेंद्र सिंह ने कहा था कि सीबीआई की चार्जशीट में 'भ्रामक दावे' किए गए.

  16. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. ट्रंप बोले- ईरान के साथ युद्ध ख़त्म करने का फ़ैसला नेतन्याहू के साथ मिलकर लेंगे

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, ANDREW CABALLERO-REYNOLDS / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध के मुद्दे पर नेतन्याहू से उनकी बातचीत होती रहती है

    टाइम्स ऑफ़ इसराइल की रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध कब ख़त्म किया जाएगा, इसका फ़ैसला वह इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के साथ मिलकर करेंगे.

    एक फ़ोन इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि दोनों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत होती रही है. उन्होंने कहा कि वह "सही समय पर फ़ैसला" लेंगे.

    जब उनसे पूछा गया कि अगर अमेरिका अपने हमले रोक देता है तो क्या इसराइल ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध जारी रख सकता है, इस पर ट्रंप ने इस संभावना पर चर्चा करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि इसकी ज़रूरत पड़ेगी."

    मोजतबा ख़ामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता बनाए जाने के सवाल पर भी ट्रंप ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, "देखते हैं क्या होता है."

    ट्रंप पहले भी मोजतबा के विरोध में अपनी राय जाहिर कर चुके हैं. उन्होंने कहा था, "ख़ामेनेई का बेटा मुझे स्वीकार्य नहीं है."

  18. ईरान ने इसराइल और खाड़ी देशों पर फिर हमले किए, सऊदी अरब ने क्या कहा, बारबरा प्लेट अशर, दोहा में मौजूद संवाददाता

    अमेरिका के पाँचवें बेड़े के मुख्यालय पर हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने बहरीन के मनामा में अमेरिका के पाँचवें बेड़े के मुख्यालय को निशाना बनाया था

    बहरीन में ड्रोन हमलों में कई लोग हताहत हुए हैं.

    ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग शुरू होने के बाद किसी भी खाड़ी देश में एक दिन में ये सबसे बड़ी जनहानि है.

    बहरीन के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि ड्रोन हमले में 32 नागरिक घायल हुए हैं. इनमें चार बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें सबसे छोटे बच्चे की उम्र महज़ दो महीने है.

    अब तक पूरे खाड़ी क्षेत्र में कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें ज़्यादातर सुरक्षाकर्मी या विदेशी कामगार बताए गए हैं.

    क़तर, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब ने भी रातभर नए हमलों की जानकारी दी है.

    सऊदी ने कहा है कि उसने तेल के एक बड़े क्षेत्र की ओर बढ़ रहे ड्रोन्स को नष्ट कर दिया है.

    इससे पहले ईरान ने एक ड्रोन हमले में अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाया था. इसके बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने अनिवार्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को छोड़कर बाकी कर्मचारियों को देश छोड़ने का आदेश दिया है.

    ईरान के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर इसराइल और अमेरिका उनके ठिकानों पर हमले जारी रखते हैं तो वे क्षेत्रीय इन्फ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाते हुए हमलों का दायरा और बढ़ा सकते हैं.

  19. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया, आज पश्चिम एशिया से इतनी उड़ानें भारत पहुंचेंगी

    एयर इंडिया का विमान

    इमेज स्रोत, Mike Campbell/NurPhoto via Getty

    इमेज कैप्शन, रविवार को पश्चिम एशिया से 49 उड़ानें भारत पहुंचीं

    नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि सोमवार को भारतीय एयरलाइंस की कुल 51 फ़्लाइट्स पश्चिम एशिया के विभिन्न जगहों से भारत पहुंचेंगी.

    मंत्रालय ने कहा है कि वह क्षेत्र में बदलती स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और मौजूदा हालात को देखते हुए उड़ानों के संचालन में ज़रूरी बदलाव किए जा रहे हैं.

    नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यह भी बताया कि रविवार को पश्चिम एशिया से 49 उड़ानें, जबकि शनिवार को 51 उड़ानें भारत पहुंचीं. शनिवार को 8,175 यात्री भारत आए हैं.

    प्रेस रिलीज़ में यह भी बताया गया कि मंत्रालय हवाई किरायों पर कड़ी नज़र रख रहा है ताकि टिकट की क़ीमतें उचित बनी रहें.

  20. मोजतबा ख़ामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर बनाए जाने से डोनाल्ड ट्रंप 'ख़ुश नहीं': फ़ॉक्स न्यूज़

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के नए सुप्रीम लीडर को लेकर ट्रंप ने अब तक सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोजतबा ख़ामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुने जाने पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है.

    फॉक्स न्यूज़ के एक कार्यक्रम के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप मोजतबा ख़ामेनेई को नया सुप्रीम लीडर बनाए जाने से 'खुश नहीं' हैं.

    फॉक्स न्यूज़ के एंकर ब्रायन किल्मीड ने कहा कि नए सुप्रीम लीडर की घोषणा के बाद उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप से बात की. उनके मुताबिक़, ट्रंप ने उनसे कहा, "मैं खुश नहीं हूँ."

    किल्मीड ने बातचीत के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी है. ट्रंप ने अब तक इस पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है.