बिहार में किस मंत्री को मिला कौन सा विभाग, जानिए

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन और सिविल एविएशन विभाग होंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को इजाज़त दीजिए. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. बिहार में किस मंत्री को मिला कौन सा विभाग, जानिए

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का गुरुवार को विस्तार हुआ. कैबिनेट विस्तार के बाद शाम को अधिसूचना जारी कर विभागों का आवंटन कर दिया गया.

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन और सिविल एविएशन विभाग होंगे.

    वहीं, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग मिले और दूसरे डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव को वित्त विभाग दिया गया है.

    विजय कुमार सिन्हा को कृषि (एग्रीकल्चर) और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग दिया गया है.

    नीचे दी गई सूची में आप सभी मंत्रियों के विभाग देख सकते हैं-

    बिहार कैबिनेट
  3. कार्टून: सुन पाएंगे?

    आज का कार्टून.
    इमेज कैप्शन, 'जॉनी जॉनी यस पापा' कविता को लेकर यूपी के शिक्षा मंत्री के बयान पर आज का कार्टून.
  4. मुंबई: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद फॉरेंसिक रिपोर्ट में क्या पाया गया

    मारे गए सदस्यों की फोटो
    इमेज कैप्शन, मुंबई के पायधुनी में रहने वाले एक ही परिवार के चारों सदस्यों की मौत हो गई है

    मुंबई के पायधुनी में रहने वाले एक परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट आ गई है.

    इस रिपोर्ट के मुताबिक, सभी मृतकों के आंतरिक अंगों के सैंपल्स में जिंक फॉस्फाइड पाया गया, जिनमें लिवर, किडनी और प्लीहा शामिल हैं. साथ ही पेट, पित्त और पेट की चर्बी के सैंपल्स में भी यह पदार्थ पाया गया.

    फॉरेंसिक रिपोर्ट में क्या पाया गया?

    उपायुक्त प्रवीण मुंडे ने कहा, "फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) से मिली रिपोर्ट से पता चला है कि मारे गए सभी लोगों के आंतरिक अंगों के सैम्पल्स में ज़िंक फॉस्फाइड पाया गया है.”

    उन्होंने आगे कहा, "जांच के दौरान लिए गए तरबूज के सैंपल में भी जिंक फॉस्फाइड मिला.”

    हालांकि, जांच के लिए भेजे गए किसी दूसरे फूड सैंपल में जिंक फॉस्फाइड नहीं पाया गया.

    जांच एजेंसियों ने बताया, "एफएसएल की रिपोर्ट का गहन अध्ययन किया जाएगा और फॉरेंसिक डॉक्टरों के परामर्श से आगे की जांच की दिशा तय की जाएगी.”

    बीबीसी मराठी से फॉरेंसिक रिपोर्ट के बारे में बात करते हुए, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के निदेशक डॉ. विजय ठाकरे ने कहा, "हमने आज जेजे मार्ग पर एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है.”

  5. सीपीआई(एम) ने तमिलनाडु के राज्यपाल से की ये मांग

    विजय

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, टीवीके प्रमुख विजय

    भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की तमिलनाडु यूनिट ने टीवीके पार्टी के नेता विजय को बिना किसी देरी के सरकार बनाने का न्योता देने की मांग की है.

    एक्स पर पोस्ट करते हुए सीपीआई (एम) ने लिखा, "हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में जनता ने ऐसा जनादेश नहीं दिया है, जिससे कोई एक पार्टी या गठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना सके."

    "ऐसी स्थिति में 108 विधायकों के साथ टीवीके सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. इसके अनुसार, केवल टीवीके नेता विजय ने ही सरकार बनाने का दावा पेश किया है."

    "बीजेपी संविधान के ख़िलाफ़ राज्यपाल के माध्यम से काम करने और उन्हें अपने राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करने का रवैया अपनाती रही है. इसी क्रम में तमिलनाडु के राज्यपाल उन्हें पदभार ग्रहण करने के लिए आमंत्रित करने में देरी कर रहे हैं और इनकार कर रहे हैं. यह अस्वीकार्य है."

    पार्टी ने आगे लिखा, "चूंकि सरकार बनाने के लिए किसी और ने दावा पेश नहीं किया है, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) तमिलनाडु के राज्यपाल से अपील करती है कि वे सबसे बड़ी पार्टी टीवीके के नेता विजय को तुरंत पदभार ग्रहण करने के लिए आमंत्रित करें."

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन उनके पास सरकार बनाने के लिए अभी ज़रूरी संख्या नहीं है.

    राजभवन ने क्या कहा?

    आज यानी गुरुवार को टीवीके प्रमुख विजय ने दूसरी बार तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाक़ात की.

    इसके बाद राजभवन ने प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी जानकारी दी.

    राजभवन ने बताया, “तमिलनाडु के राज्यपाल थिरु राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने आज टीवीके अध्यक्ष विजय को चेन्नई स्थित लोक भवन में आमंत्रित किया.”

    “बैठक के दौरान माननीय राज्यपाल ने साफ किया कि तमिलनाडु विधानसभा में सरकार गठन के लिए ज़रूरी बहुमत के लिए समर्थन साबित नहीं हो पाया है.”

  6. पाकिस्तानी सेना ने कहा, 'जंग में भारत ने हमारी ताक़त का 10-15 फ़ीसदी ही देखा'

    पाकिस्तानी सेना का जवान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

    पाकिस्तान सेना के मीडिया और जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) के डीजी अहमद शरीफ़ चौधरी ने कहा है कि पिछले साल हुई 'लड़ाई में भारत ने जो देखा वह हमारी कुल ताकत का 10 से 15 फ़ीसदी था.'

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक, डीजी आईएसपीआर अहमद शरीफ़ चौधरी ने कहा है, "हम तब भी तैयार थे और अब भी तैयार हैं. अगर किसी को कोई संदेह है, तो जान लें कि हमने अपनी शक्ति का एक उदाहरण प्रस्तुत किया है. इस बार 14 अगस्त को एक भव्य परेड होगी, जिसमें हम जनता को अपनी शक्ति का एक छोटा सा नमूना दिखाएंगे."

    पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने कहा, "भारत को हमारा संदेश साफ है, आप जो चाहें करें, चाहे वह पारंपरिक हो या अपरंपरागत, हम यहां खड़े हैं और पूरी ताक़त से जवाब देंगे."

    उनके अनुसार, "यह युद्ध ज़मीन पर, हवा में, समुद्र में, साइबरस्पेस में और दिमागों में है. हम पहले भी तैयार थे और अब भी तैयार हैं. पाकिस्तान पर कोई भी आंच नहीं आ सकता. हम हर कीमत पर पाकिस्तान की रक्षा करेंगे."

    'ऑपरेशन सिंदूर' पर क्या बोला भारत?

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी गुरुवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बात की.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "आज हम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली सालगिरह मना रहे हैं. पूरी दुनिया ने पहलगाम आतंकी हमले को उसके असली रूप में देखा. सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए हमने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया. दुनिया जानती है कि पाकिस्तान लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद को अपनी सरकारी नीति के एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करता रहा है.”

    उन्होंने कहा, "भारत में हमें आतंकवाद के ख़िलाफ़ अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है. हम आतंकवाद के ख़िलाफ़ वैश्विक लड़ाई को मज़बूत करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे."

  7. भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' और सिंधु जल समझौते पर क्या कहा

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमें आतंकवाद के ख़िलाफ़ अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है"

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सिंधु जल समझौते पर भी बात की.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "आज हम ऑपरेशन सिंदूर की पहली सालगिरह मना रहे हैं. पूरी दुनिया ने पहलगाम आतंकी हमले को उसके असली रूप में देखा. सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए हमने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया. दुनिया जानती है कि पाकिस्तान लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद को अपनी सरकारी नीति के एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करता रहा है.”

    उन्होंने कहा, "भारत में हमें आतंकवाद के ख़िलाफ़ अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है. हम आतंकवाद के ख़िलाफ़ वैश्विक लड़ाई को मज़बूत करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे."

    रणधीर जायसवाल ने सिंधु जल समझौते पर कहा, "सिंधु जल संधि पर हमारा रुख़ हमेशा एक जैसा रहा है. पाकिस्तान द्वारा सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने के जवाब में सिंधु जल संधि को फिलहाल रोक दिया गया है. पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद के समर्थन को पूरी तरह और हमेशा के लिए छोड़ देना चाहिए."

  8. ममता बनर्जी से मुलाक़ात के बाद बोले अखिलेश यादव- बेईमानी के ख़िलाफ़ खड़ा होना पड़ेगा

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, PTI

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और एसपी प्रमुख अखिलेश यादव

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और एसपी प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को कोलकाता पहुंचे और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की.

    मुलाक़ात के बाद उन्होंने कहा, “मुझे याद है, जब निष्पक्ष चुनाव हुआ था, तो दीदी यहां की मुख्यमंत्री बनी थीं. और आज हम सबको मिलकर चुनाव में जो बेईमानी हुई है, उसके ख़िलाफ़ खड़ा होना पड़ेगा.”

    उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग ने जब ईमानदारी से चुनाव कराया, तो वो (ममता बनर्जी) जीतीं. और इस बार चुनाव में कई स्तर पर जो माफियागिरी हुई है, कभी कोई सोच नहीं सकता था. इस तरह की बेईमानी, भारतीय जनता पार्टी, चुनाव आयोग, उनके संघी साथी और खुफिया लोग मिलकर चुनाव का यह हाल करेंगे.”

    उन्होंने आगे कहा, “अभी तक हम यह सुनते थे कि आज जो बंगाल करता है, वो देश कल करता है. लेकिन बीजेपी ने जो बेईमानी उत्तर प्रदेश में की, वह एक ट्रायल था और उससे सीखकर उन्होंने पूरा चुनाव लूट लिया.”

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आए, जिसमें ममता बनर्जी की टीएमसी 80 सीटों पर सिमटकर रह गई.

  9. मंत्री बनने के बाद क्या बोले नीतीश के बेटे निशांत कुमार

    नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार

    बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने गुरुवार को मंत्री पद की शपथ ली.

    शपथ लेने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "ये सब जनता का प्रेम और विश्वास है, उन्होंने मुझे राजनीति में लाया है. मेरे कार्यकर्ताओं ने मुझे राजनीति में लाया है."

    उन्होंने कहा, "जनता और कार्यकर्ताओं ने मुझ पर जो विश्वास और भरोसा जताया है, और जो यह दायित्व दिया है, उसे मैं सच्चाई और ईमानदारी से निभाने की कोशिश करूंगा."

    गुरुवार को सम्राट कैबिनेट के विस्तार में बीजेपी से 15 मंत्री, जेडीयू से 13 मंत्री, एलजेपी (आर) से दो, हम (सेकुलर) से एक और आरएलएम से एक मंत्री ने शपथ ली है.

  10. चंद्रनाथ रथ का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचा, शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा?

    शुभेंदु अधिकारी

    इमेज स्रोत, PTI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनके निजी सहायक होने की वजह से चंद्रनाथ की हत्या की गई है

    भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ के पार्थिव शरीर को गुरुवार को अस्पताल से उनके आवास पर लाया गया.

    बुधवार की रात को चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

    इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके निजी सहायक होने की वजह से चंद्रनाथ की हत्या की गई है.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “जिस तरह से यह घटना हुई है, उसकी निंदा के लिए शब्द नहीं हैं. चंद्रनाथ रथ की हत्या के पीछे एक ही वजह है. वह भाजपा के शुभेंदु अधिकारी का निजी सहायक थे और हाल में हुए विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर विधानसभा सीट से ममता बनर्जी को हराया है. उनकी हत्या के पीछे यही वजह हो सकती है.”

    उन्होंने आगे कहा, “मैं उनके परिवार का साथ दूंगा. और परिवार की जो मांग है कि अभियुक्त को हिरासत में लेकर उस पर मुकदमा चलाकर उसे सजा दिलाई जाए. इसके लिए भी मेरी जो ज़िम्मेदारी है, मैं निभाने का काम करूंगा.”

    शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम में पता चला कि उन्हें चार गोलियां लगी थीं.

  11. नीतीश के बेटे ने ली मंत्री पद की शपथ, बीजेपी के इन नेताओं को नहीं मिली जगह, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    निशांत कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने गुरुवार को मंत्री पद की शपथ ली

    पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने गुरुवार को मंत्री पद की शपथ ली.

    इससे पहले, 15 अप्रैल को राज्य में नई सरकार के गठन के समय उनके उपमुख्यमंत्री बनने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित मंत्रिमंडल विस्तार में उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली.

    निशांत के समर्थकों का दावा था कि वे कोई पद लेने से पहले राज्य के बारे में समझ विकसित करना चाहते थे. इसे लेकर निशांत कुमार ने तीन मई से पश्चिम चंपारण से सद्भाव यात्रा भी शुरू की थी.

    गांधी मैदान में निशांत कुमार के नाम की घोषणा होने के बाद जेडीयू समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे लगाए.

    सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटे निशांत कुमार, जीतन राम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन और जगन्नाथ मिश्रा के बेटे नीतीश मिश्र शामिल हैं.

    इस मंत्रिमंडल विस्तार में बीजेपी से 15 मंत्री, जेडीयू से 13 मंत्री, लोजपा (आर) से दो, हम से एक और रालोमो से एक मंत्री ने शपथ ली है.

    नवंबर 2025 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठित मंत्रिमंडल के दो मंत्रियों, मंगल पांडे और नारायण प्रसाद, को इस बार शामिल नहीं किया गया है. ये दोनों ही बीजेपी कोटे से मंत्री थे.

  12. शुभेंदु के पीए की हत्या की जांच के लिए एसआईटी का गठन, फर्जी निकली कार की नंबर प्लेट, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    पीए चंद्रनाथ रथ की गाड़ी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ इसी कार में सवार थे जब उन पर गोलियां चलाई गईं

    पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या से पहले जिस कार ने उनका रास्ता रोका था, उसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है.

    पुलिस की ओर से जब्त उस कार का चेसिस नंबर भी घिसकर मिटा दिया गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी.

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि उस नंबर वाली गाड़ी सिलीगुड़ी में है. सिलीगुड़ी के पास माटीगाड़ा पुलिस ने सुबह कार के मालिक विलियम जोसेफ को बुलाकर उनसे पूछताछ की.

    उन्होंने बताया कि वह कार सिलीगुड़ी में है और उन्होंने कुछ समय पहले उसे बेचने के लिए ऑनलाइन विज्ञापन दिया था.

    इस बीच, इस हत्या की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है. इसमें पुलिस और सीआईडी के अधिकारी भी शामिल हैं. एसआईटी और फॉरेंसिक विभाग के अधिकारी सुबह ही मौके पर पहुंचे और वहां जांच शुरू कर दी है.

    अभियुक्तों का पता लगाने के लिए इलाक़े में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा जा रहा है. इसके साथ ही हत्या के समय, उसके ठीक पहले और बाद में इलाक़े में आने-जाने वाले फोन कॉल्स की डिटेल भी निकाली जा रही है.

    इस हत्या पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज़ हो गया है. प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने बारासात अस्पताल में पत्रकारों से कहा, "यह हत्या सुनियोजित तरीके से और राजनीतिक बदले की भावना से की गई है."

    उनका कहना था कि राज्यपाल इस मामले को देख रहे हैं. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं.

    तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों में तोड़फोड़ के सवाल पर भाजपा नेता ने दावा किया कि तृणमूल का एक गुट ही भाजपा के झंडे लेकर तृणमूल के दफ्तरों में तोड़-फोड़ कर रहा है.

    उनके मुताबिक, इस मामले में अगर भाजपा का कोई कार्यकर्ता शामिल हुआ, तो उसे आज शाम तक पार्टी से निकाल दिया जाएगा.

  13. अभिनेता विजय की पार्टी को समर्थन देने के सवाल पर सीपीआई (एम) ने क्या कहा?

    विजय

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, टीवीके प्रमुख विजय ने गुरुवार को लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाक़ात की

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन बहुमत का आंकड़ा नहीं छू पाई.

    विजय को कांग्रेस पार्टी ने समर्थन दे दिया है, सीपीआई (एम) ने अभी तक इस पर कोई फ़ैसला नहीं किया है.

    एएनआई ने सीपीआई (एम) नेता पी. शनमुगम से टीवीके को समर्थन देने पर सवाल किया, इसके जवाब में उन्होंने कहा, "टीवीके चीफ़ ने हमारी पार्टी को पत्र लिखा है. हमारी प्रदेश समिति की बैठक कल सुबह होगी, उसमें हम अपना फ़ैसला लेंगे."

    उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने का फ़ैसला किया है, यह उनका निजी मामला है. मैं इस पर कुछ नहीं कहना चाहूंगा."

    टीवीके प्रमुख विजय ने गुरुवार को लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाक़ात की. राज्यपाल से 24 घंटे में यह विजय की दूसरी मुलाक़ात थी.

    इससे पहले बुधवार को विजय ने राज्यपाल को कांग्रेस पार्टी का समर्थन पत्र सौंपा और सरकार बनाने का दावा किया.

  14. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  15. कमल हासन ने टीवीके चीफ़ विजय को लेकर क्या कहा?

    कमल हासन

    इमेज स्रोत, Ashish Vaishnav/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कमल हासन ने कहा कि तमिलनाडु की जनता ने जो फ़ैसला दिया है, उसका सम्मान होना चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)

    अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने कहा है कि तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के चीफ़ विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित न करना तमिलनाडु की जनता के फ़ैसले का अपमान होगा.

    कमल हासन का कहना है कि जो लोग अभी संवैधानिक पदों पर हैं, उन्हें भी अपना कर्तव्य निभाना चाहिए.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं. उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित न करना तमिलनाडु की जनता के फ़ैसले का अपमान होगा. 233 चुने हुए सदस्य अब तक शपथ नहीं ले पाए हैं. यह राज्य का अपमान है, इससे लोकतंत्र को नुकसान है."

    कमल हासन एसआर बोम्मई मामले का ज़िक्र करते हुए कहा कि इसमें सुप्रीम कोर्ट ने साफ़ कहा है, "बहुमत विधानसभा में साबित होना चाहिए, राजभवन में नहीं."

    कमल हासन ने लिखा, "मैं किसी पार्टी की राजनीति की बात नहीं कर रहा हूं. ये एक भारतीय नागरिक की आवाज़ है. तमिलनाडु की जनता ने जो फ़ैसला दिया है, उसका सम्मान होना चाहिए."

    गौरतलब है कि 234 विधानसभा सीटों वाले राज्य तमिलनाडु में टीवीके को 108 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत के लिए 118 सीटों की ज़रूरत है. कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन देने का फ़ैसला किया है.

  16. बिहार: निशांत कुमार समेत इन्होंने ली मंत्री पद की शपथ, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    मंत्री पद की शपथ

    इमेज स्रोत, ani

    इमेज कैप्शन, पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली

    बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार हो गया है. पटना के गांधी मैदान में गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 32 मंत्रियों ने शपथ ली. इनमें पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी शामिल हैं.

    सम्राट चौधरी के सीएम बनने के 22 दिन बाद 32 नए मंत्री बनाए गए हैं. इनमें बीजेपी के 15, जेडीयू के 13, एलजेपी (आर) के 2, एचएएम और आरएलएम के कोटे से एक-एक मंत्री हैं.

    शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और पूर्व सीएम नीतीश कुमार मौजूद रहे.

    बीजेपी से ये बने मंत्री

    राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथलेश तिवारी, रमा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेन्द्र पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह

    जेडीयू से ये बने मंत्री

    निशांत कुमार, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमा खान, भगवान सिंह कुशवाहा, शीला मंडल, दामोदर राउत, बुलो मंडल ,रत्नेश सदा और श्वेता गुप्ता

    एलजेपी (आर) से ये बने मंत्री

    संजय पासवान और संजय सिंह

    हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) से ये बने मंत्री

    संतोष मांझी

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) से ये बने मंत्री

    दीपक प्रकाश

  17. पहलगाम हमले के बाद भारत के साथ हुए सैन्य संघर्ष पर अब पाकिस्तान ने क्या कहा?

    इसहाक़ डार

    इमेज स्रोत, RAMIL SITDIKOV/POOL/AFP via Getty Images

    पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को एक साल हो गया है. इस पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने कहा है कि यह सिर्फ़ अतीत को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि भविष्य बनाने का दिन है.

    दरअसल, पिछले साल 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले में 26 लोग मारे गए थे. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष हुआ था.

    भारत ने अपने सैन्य अभियान को 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था.इसके तहत भारत ने दावा किया था कि उसने पाकिस्तान में मौजूद 'कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें तबाह कर दिया था.'

    जबकि पाकिस्तान ने अपने जवाबी सैन्य अभियान को 'मारका-ए-हक़' नाम दिया.

    एक साल बीतने पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने कहा, "आज 'मारका-ए-हक़' को एक साल हो गया है. यह सिर्फ कैलेंडर की तारीख़ नहीं है, बल्कि हिम्मत, एकता और मज़बूत इरादों की कहानी है. एक ऐसी कहानी जिसमें हर सिपाही डटा रहा और हर नागरिक उनके पीछे खड़ा रहा."

    "पिछले साल जब हम पर हमला किया गया, तो प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की अगुवाई में पाकिस्तान ने संयमित और साफ़ नीयत से जवाब दिया. हमारा जवाब सोच-समझकर, ज़िम्मेदारी से और सही निशाने पर था. यह भावनाओं से नहीं, बल्कि सिद्धांतों से तय हुआ था."

    गौरतलब है कि इससे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को 'आतंकवाद के ख़िलाफ़ सख्त प्रतिक्रिया' बताया.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "आज, एक साल बाद भी,आतंकवाद को हराने और उसके तंत्र को खत्म करने के हमारे संकल्प में कोई कमी नहीं है."

  18. शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या पर क्या बोलीं टीएमसी नेता सयानी घोष?

    सयानी घोष

    इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सयानी घोष ने दोषियों पर सख़्त कार्रवाई की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस पर टीएमसी सांसद सयानी घोष ने प्रतिक्रिया दी है.

    सयानी घोष ने एक्स पर लिखा, "चंद्रनाथ रथ के बारे में बेहद परेशान करने वाली घटना सामने आई है. दलगत राजनीति और वैचारिक मतभेदों से ऊपर, सत्ता में कौन है इससे अलग- हम सबकी ज़िम्मेदारी है कि क़ानून और व्यवस्था बनाए रखें और इस राज्य में रहने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करें."

    उन्होंने लिखा, "किसी की जान इस तरह नहीं जानी चाहिए. पुलिस प्रशासन से अपील है कि पिछले कुछ दिनों में हुई हर हिंसा में शामिल दोषियों पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाए और कड़े क़दम उठाए जाएं."

    इससे पहले तृणमूल कांग्रेस ने चंद्रनाथ रथ की हत्या की निंदा करते हुए पूरे घटनाक्रम पर सख़्त कार्रवाई की मांग की.

    दूसरी ओर बीजेपी ने इस घटना को 'सुनियोजित' क़रार दिया. शुभेंदु अधिकारी ने घटना पर कहा, "ये एक सुनियोजित हत्या थी. डीजीपी ने भी यही बताया है. 2-3 दिन पहले रेकी की गई थी."

  19. राजस्थान: पूर्व मंत्री महेश जोशी को एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ़्तार किया

    महेश जोशी

    इमेज स्रोत, Vishal Bhatnagar/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे हैं महेश जोशी (फ़ाइल फ़ोटो)

    राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को 900 करोड़ रुपये के कथित जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाला मामले में पूर्व मंत्री महेश जोशी को गिरफ़्तार किया है.

    पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि एसीबी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने गुरुवार सुबह जयपुर रेलवे स्टेशन के पास सैन कॉलोनी में महेश जोशी को उनके घर से गिरफ़्तार किया.

    महेश जोशी को इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अप्रैल 2025 में कथित घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ़्तार किया था.

    वह क़रीब सात महीने तक जेल में रहे, जिसके बाद दिसंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से उन्हें ज़मानत मिली थी.

  20. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर प्रोफ़ाइल पिक्चर बदली, 'ऑपरेशन सिंदूर' के एक साल होने पर क्या कहा?

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि एक साल पहले हमारी सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान अद्भुत साहस दिखाया (फ़ाइल फ़ोटो)

    'ऑपरेशन सिंदूर' के एक साल पूरा होने पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर अपनी प्रोफ़ाइल पिक्चर बदली है.

    उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़ी तस्वीर को नई प्रोफ़ाइल पिक्चर बनाया है. साथ ही सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी लिखी है.

    पीएम मोदी ने लिखा, "एक साल पहले हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्भुत साहस, सटीकता और दृढ़ता दिखाई. उन्होंने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने वालों को करारा जवाब दिया. पूरा देश हमारी सेना के शौर्य को सलाम करता है."

    "ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत की सख्त प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अटल संकल्प को दिखाया. इसने हमारी सेना की पेशेवर क्षमता, तैयारी और तालमेल की ताकत को भी उजागर किया. साथ ही, इसने हमारी सेनाओं के बीच बढ़ते सहयोग और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता से मिली ताकत को सामने रखा."

    पीएम मोदी ने लिखा, "आज, एक साल बाद भी,आतंकवाद को हराने और उसके तंत्र को खत्म करने के हमारे संकल्प में कोई कमी नहीं है."

    पिछले साल 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले में 26 लोग मारे गए थे. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष हुआ था.

    इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के कई ठिकानों पर हमले किए थे और दावा किया था कि वहां स्थित 'आतंकवादियों' के ठिकानों को निशाना बनाया गया.

    जिसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष हुआ. भारत ने अपने सैन्य अभियान को 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था.