जूनियर इंजीनियरों की भर्ती में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर क्या बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (जूनियर इंजीनियर) के अभ्यर्थियों ने रिक्रूटमेंट में कथित गड़बड़ी के आरोपों के बीच उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात की.
हालांकि उप मुख्यमंत्री ने भर्ती में गड़बड़ी के आरोपों से इनकार किया है.
ब्रजेश पाठक ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ‘’परीक्षा में कोई अनियमितता या गड़बड़ी नहीं हुई है. अभ्यर्थी सिर्फ़ ये मांग करने आए थे इसका रिजल्ट जल्द निकाला जाए. इन अभ्यर्थियों का एक दल आज बोर्ड के चेयरमैन से मुलाक़ात करेगा.
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की जूनियर इंजीनियर भर्ती के अभ्यर्थियों ने शनिवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव किया था.
4,612 पदों पर प्रस्तावित भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और दस्तावेज सत्यापन का परिणाम जल्द जारी करने की मांग उठाई है.
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है, लेकिन दस्तावेज सत्यापन के परिणाम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
इससे अभ्यर्थियों में असमंजस बना हुआ है. उन्होंने सरकार और आयोग से जल्द परिणाम जारी कर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की.







