ग़ज़ा: नासेर अस्पताल पर इसराइली हमले को ब्रिटेन ने 'भयावह और अक्षम्य' कहा

ग़ज़ा के नासेर अस्पताल में इसराइली हमले को लेकर पूरी दुनिया में निंदा के स्वर तेज़ हो गए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, संदीप राय

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ग़ज़ा: नासेर अस्पताल पर इसराइली हमले को ब्रिटेन ने 'भयावह और अक्षम्य' कहा

    बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में पत्रकारों ने प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में पत्रकारों ने प्रदर्शन किया.

    ग़ज़ा के नासेर अस्पताल में इसराइली हमले को लेकर पूरी दुनिया में निंदा के स्वर तेज़ हो गए हैं.

    ब्रिटेन ने जहां इसे अक्षम्य बताया है वहीं यूरोपीय कमीशन ने इसे पूरी तरह अस्वीकार्य बताया है.

    ब्रिटेन ने ग़ज़ा के दक्षिण में अस्पताल पर इसराइली हमले की निंदा की है और इसे 'भयावह' और 'पूरी तरह अक्षम्य' बताया है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टारमर के आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा हमेशा सुनिश्चित की जानी चाहिए और इस हमले ने संघर्षविराम की ज़रूरत को और स्पष्ट कर दिया है.

    इस हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई, जिनमें पांच पत्रकार भी शामिल थे.

    हालांकि जर्मन चांसलर फ़्रेडरिक मर्ज़ ने कहा कि उन्हें इस बात का भरोसा नहीं है कि नासेर अस्पताल पर हुए हमले के पीछे पत्रकारों को निशाना बनाने की मंशा थी.

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए हैं.

    यूरोपीय आयोग ने कहा 'अस्वीकार्य'

    यूरोपीय आयोग के प्रवक्ता अनुआर एल अनौनी ने कहा कि नागरिकों और पत्रकारों की सुरक्षा अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत सुनिश्चित की जानी चाहिए.

    उन्होंने कहा, "ग़ज़ा में नागरिक बहुत लंबे समय से और बहुत ज़्यादा पीड़ा झेल रहे हैं, अब हिंसा के इस चक्र को तोड़ने का समय है."

    ग़ज़ा में मारे गए सहयोगी पत्रकारों की याद में बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में पत्रकारों ने प्रदर्शन किया.

    यह कार्यक्रम इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स ने आयोजित किया था.

    इस घटना को इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने "एक दुखद हादसा" बताया है. इसराइल का कहना है कि सेना इस मामले की "व्यापक जांच" कर रही है.

    उधर, इसराइल में बंधकों की रिहाई और युद्ध को तुरंत बंद करने की मांग को लेकर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए हैं और नेतन्याहू पर भारी दबाव है.

  3. पूर्व योजना आयोग की सदस्य सैयदा हमीद के असम पर बयान को लेकर हंगामा

    सैयद हमीद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सैयद हमीद, पूर्व योजना आयोग की सदस्य

    पूर्व योजना आयोग सदस्य सैयदा हमीद की असम पर टिप्पणी को लेकर मंगलवार को उनके कार्यक्रम में हंगामा हो गया.

    दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी वाले कॉन्स्टीट्यूशन क्लब के स्पीकर्स हॉल के भीतर स्वघोषित हिंदू सेना के लोग घुस गए और हंगामा किया.

    इस कार्यक्रम में असम में कथित बांग्लादेशी नागरिकों को निकालने की कार्रवाई पर रिपोर्ट- पीपुल्स ट्राइब्यूनल ऑन आसाम- इविक्शन, डिटेंशन एंड राइट टू बिलॉन्ग- की रिपोर्ट जारी की गई.

    जिस समय हंगामा हुआ. मंच पर सामाजिक कार्यकर्ता हर्ष मंदर, पूर्व योजना आयोग सदस्य सैयदा हमीद, पूर्व केंद्रीय गृह सचिव एचडी पिल्लई, संयोजक प्रो. अपूर्वानंद और असम से आए पीड़ित प्रतिनिधि शामिल थे.

    हिंदू सेना से जुड़े लोगों ने 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम', 'जय श्री राम', 'बांग्लादेशियों को बाहर निकालो' और इसी तरह के नारे लगाए.

    सैयदा हमीद ने क्या कहा था

    सैयदा हमीद ने असम में विदेशी नागरिकों के ख़िलाफ़ चलाए जा रहे अभियान, जिसके तहत अतिक्रमण हटाने, हिरासत में लेने, हिरासत केंद्रों में रखे जाने और बांग्लादेश भेजे जाने को लेकर टिप्पणी की थी.

    उन्होंने कहा, “असम कभी ऐसा नहीं था...यह एक ख़तरनाक़ जगह हो गई है. मैं बस यही कह सकती हूं कि यहां मुसलमानों के ख़िलाफ़ उत्पीड़न हो रहा है. असम में लोग मियां कहते थे लेकिन अच्छे अर्थों में, मगर अब यह शब्द अपमानजक हो गया है.”

    उन्होंने कहा, "मेरा असम का अनुभव बेहद सुंदर रहा है... मैं असम के हर कोने तक गई हूं. लेकिन मुझे कभी यह अहसास नहीं हुआ कि मैं मुस्लिम हूं और एक महिला हूं... अभी अचानक मेरा नाम पूरे भारत में चर्चा का विषय बन गया है... 'बांग्लादेशी' अब गाली बन गया है. यह एक भयावह शब्द बन गया है. अगर कुछ बांग्लादेशी आए भी हैं तो बैठकर बातचीत कीजिए और उन्हें वापस भेजिए."

    प्रदर्शन की तस्वीरें पोस्ट करते हुए असम के मंत्री पीयूष हजारिका ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली में हमारे सनातनी और राष्ट्रवादी मित्रों को असम कांग्रेस समर्थकों और सैयदा हमीद व हर्ष मंदर जैसे बांग्लादेशी समर्थकों के ख़िलाफ़ खड़े होते देखना सुखद है. यही कांग्रेस तंत्र असम की जनसांख्यिकी को बदलने के लिए घुसपैठियों को वैध ठहराने में लगा है."

  4. उत्तराखंड में मदरसा सीलिंग मामले पर हाई कोर्ट ने धामी सरकार से मांगा जवाब, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी हिन्दी के लिए

    पुष्कर सिंह धामी

    इमेज स्रोत, @pushkardhami

    इमेज कैप्शन, याचिकाकर्ताओें ने राज्य में बिना नोटिस मदरसों को बंद करने को चुनौती दी है.

    उत्तराखंड हाई कोर्ट ने मदरसों को बिना नोटिस बंद करने के मामले में मंगलवार को पुष्कर सिंह धामी सरकार को नोटिस जारी किया.

    हाई कोर्ट ने उत्तराखंड की बीजेपी सरकार को छह हफ़्तों के भीतर जवाब दाखि़ल करने के निर्देश दिए हैं.

    यह निर्देश जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी की उस याचिका पर आया है, जिसमें मदरसों को बिना नोटिस दिए बंद किए जाने की कार्रवाई को चुनौती दी गई थी.

    जमीयत की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े अदालत में ऑनलाइन जुड़े थे.

    उन्होंने दलील दी कि उत्तराखंड मदरसा एजुकेशन बोर्ड एक्ट 2016 के तहत मदरसों का पंजीकरण अनिवार्य नहीं है और गैर-रजिस्टर्ड मदरसों को गैर-क़ानूनी नहीं ठहराया गया है.

    उन्होंने कहा कि धार्मिक अल्पसंख्यकों को संविधान से अपने शैक्षणिक संस्थान चलाने का अधिकार प्राप्त है.

    राज्य सरकार की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि जमीयत सीधे प्रभावित पक्ष नहीं है. लेकिन अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार को जवाब देने का निर्देश दिया.

    जमीयत के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने इस कार्रवाई को मुसलमानों के संवैधानिक अधिकारों पर हमला बताया.

    उन्होंने कहा कि, “मदरसों को गैर-क़ानूनी ठहराकर बंद करना जीवन रेखा को समाप्त करने की साज़िश है और जमीयत इस लड़ाई को क़ानूनी और लोकतांत्रिक मोर्चे पर जारी रखेगी.”

    यह मामला अब छह हफ़्ते बाद फिर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है.

  5. वैष्णो देवी मार्ग पर हुए भूस्खलन के बाद यात्रा रोकी गई, गृह मंत्री ने हादसे पर दुख जताया

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जम्मू के कटरा में वैष्णो देवी मार्ग पर हुए भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य में सेना के जवान जुटे हैं.

    भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने एक्स पर जानकारी दी है, “तीन राहत टुकड़ियां कटरा और आसपास के इलाकों में बचाव और राहत कार्यों में तेजी से जुटी हैं. एक टुकड़ी अर्धकुंवारी, कटरा में लोगों को बचाने में मदद कर रही है."

    व्हाइट नाइट कॉर्प्स के मुताबिक़, "दूसरी राहत टुकड़ी कटरा से ठकरा कोट जाने वाली सड़क पर हुए भूस्खलन वाली जगह पर पहुंच गई है. तीसरी टुकड़ी जौरियां के दक्षिण में सहायता प्रदान कर रही है.”

    “लोगों की जान बचाने, ज़रूरतमंदों को मदद देने और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं. नागरिक एजेंसियों के साथ नज़दीकी तालमेल बनाया जा रहा है.”

    जम्मू के संभागीय आयुक्त राकेश कुमार ने कहा, "वैष्णोदेवी यात्रा, शिवखोड़ी यात्रा भी स्थगित कर दी गई है. वहां भूस्खलन हुआ है. 8-9 घायल लोगों को बचाया गया है. वहां बचाव अभियान अभी भी जारी है."

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन से हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है. इस सम्बन्ध में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री श्री उमर अब्दुल्ला जी और उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा जी से बात की. घायलों की मदद के लिए स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और एनडीआरएफ़ की टीम भी वहाँ पहुँच रही है."

    मुख्यमंत्री उमर उब्दुल्लाह ने एक्स पर लिखा, “माता वैष्णो देवी मार्ग पर यात्रियों की मौत की ख़बर सुनकर बहुत दुख हुआ. मैं दिवंगतों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले.”

    एक दूसरी पोस्ट में उन्होंने कहा, “अभी-अभी मैंने केंद्रीय गृह मंत्री से फ़ोन पर बात की और उन्हें जम्मू-कश्मीर की स्थिति, ख़ासकर जम्मू प्रांत के हालात की जानकारी दी, जहां लगातार भारी बारिश से काफ़ी नुकसान हुआ है और सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है. फ़ोन और डेटा कनेक्टिविटी को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं.”

    उन्होंने आगे लिखा, “जम्मू एयरपोर्ट बंद होने की वजह से मैं और मेरे सहयोगी आज शाम जम्मू नहीं पहुंच सके. मुझे उम्मीद है कि कल सुबह की पहली उड़ान से वहां पहुंच पाऊंगा. इस बीच मैं हालात की नज़दीक से निगरानी कर रहा हूं और ज़मीनी स्तर पर काम कर रही टीमों के लगातार संपर्क में हूं.”

    जम्मू में वैष्णो देवी रूट पर भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं.

  6. कार्टून: जैसा खेल, वैसे खिलाड़ी

    ऑनलाइन गेमिंग बिल पर आज का कार्टून.

    कार्टून
  7. दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः ट्रंप का 50% टैरिफ़, भारत कितना तैयार? LIVE

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. राहुल गांधी ने फिर लगाया आरोप- चुनाव की तारीख़ें चुनाव आयोग नहीं बीजेपी तय करती है

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा बिहार के मधुबनी पहुंची है

    बिहार में 'मतदाता अधिकार यात्रा' निकाल रहे कांग्रेस नेता और लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर फिर से आरोप लगाए हैं.

    मधुबनी में एक जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव की तारीख़ें चुनाव आयोग नहीं बीजेपी तय करती है.

    उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र और हरियाणा का चुनाव आता है...तो सबसे पहले तारीख़ बदल देते हैं. प्रधानमंत्री फ़ैसला लेते हैं कि चुनाव आयुक्त कौन बनेगा. वहां विपक्ष के नेता बैठे होते हैं लेकिन वो रोक नहीं सकते.”

    इससे पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया, “बीजेपी 'वोट चोरी' कर रही है इसीलिए अमित शाह ने कहा था कि बीजेपी अगले 40 से 50 साल तक सत्ता में बनी रहेगी.”

    उन्होंने कहा, “संविधान कहता है कि हर भारतीय को वोट देने का अधिकार है. बिना संविधान के, आपके पास कोई अधिकार नहीं बचेगा.”

    बिहार के सासाराम से शुरू हुई राहुल गांधी की यात्रा मंगलवार को मधुबनी पहुंची, जिसमें विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी भी शामिल थे.

    इस यात्रा में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शामिल होने की ख़बरों पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "मैं राहुल गांधी की हिम्मत को दाद देता हूं कि चोरी करो और सीनाजोरी करो. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी बिहार का अपमान करते हैं... फिर भी वह (राहुल गांधी) उन्हें अपने साथ लेकर घूमते हैं और कहते हैं कि बिहार में वोट चोरी हो रही है.”

    “कांग्रेस ने बिहार और अन्य राज्यों में दशकों तक ग़रीबों के वोट चुराए हैं. आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ग़रीबों, पिछड़े वर्गों और वंचितों की ताक़त बढ़ी है... इसलिए कांग्रेस पार्टी डर गई है और तरह-तरह की बकवास कर रही है. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बिहार के लोगों से उनके अपमान के लिए माफ़ी मांगें."

  9. जम्मू में वैष्णो देवी रूट पर भूस्खलन, पांच की मौत और कई घायल

    वैष्णो देवी रूट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कटरा में वैष्णो देवी रूट पर भूस्खलन हुआ है.

    जम्मू कश्मीर में भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर नदियां उफान पर हैं. कई इलाक़े बाढ़ की चपेट में हैं.

    समाचार एजेंसियों के मुताबिक़, जम्मू में वैष्णो देवी रूट पर भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं.

    एसडीएम कटरा पीयूष धोत्रा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है. पांच शवों को कटरा के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर पर लाया गया है. कहा जा रहा है कि 10 से 11 लोग घायल हुए हैं. सूचना मिलने पर और जानकारी साझा की जाएगी.”

    इस बीच जम्मू तवी से कटरा के बीच आवागमन को रोक दिया गया है. 18 ट्रेनें रद्द की गई हैं.

    एएनआई के अनुसार, तवी नदी ख़तरे के निशान के ऊपर बह रही है. जम्मू में भारी बारिश से काफ़ी नुकसान हुआ है. तवी ब्रिज के पास की सड़क बह गई है और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हिस्से पर फंस गए हैं.

    उधर, हिमाचल में भारी बारिश से हालात गंभीर है.

    एएनआई के अनुसार, भारी बारिश के चलते ब्यास नदी उफान पर है और चंडीगढ़ मनाली हाईवे का एक हिस्सा बह गया है.

    हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख्खू ने कहा, “कल से लगातार बारिश हो रही है. कुल्लू-मनाली, कांगड़ा जिला और ऊना जिले में काफ़ी नुकसान हुआ है. वहां से सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. लेकिन वह उनकी जगह है और उनकी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. सरकार हालात पर लगातार नज़र रखेगी."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, भारी बारिश के चलते पंजाब सरकार ने 27 से 30 अगस्त तक राज्य में स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है.

  10. नॉर्वे का वेल्थ फ़ंड इसराइल से संबंधित कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी क्यों बेच रहा है?

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नॉर्वे का वेल्थ फ़ंड दुनिया के सबसे बड़े फंड्स में से एक है.

    दुनिया के सबसे बड़े फंड्स में से एक नॉर्वे का वेल्थ फ़ंड, इसराइल से संबंध रखने वाली कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बेच रहा है.

    जिन कंपनियों में यह फ़ंड अपनी हिस्सेदारी बेच रहा है उनमें पांच इसराइली बैंक और एक अमेरिकी निर्माण कंपनी कैटरपिलर शामिल है.

    यह बिकवाली इस साल गर्मियों से शुरू हुए अरबों डॉलर के सेल-ऑफ़ का हिस्सा है.

    नॉर्वेजियन सॉवरेन वेल्थ फ़ंड का कहना है कि इसराइल कैटरपिलर के बुलडोज़रों का इस्तेमाल फ़लस्तीनी संपत्तियों को ध्वस्त करने के लिए कर रहा है.

    फ़ंड के पास इस कंपनी में दो अरब डॉलर से ज़्यादा की हिस्सेदारी थी.

  11. पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के बारे में कपिल सिब्बल ने अमित शाह से पूछे सवाल

    कपिल सिब्बल

    इमेज स्रोत, Youtube/ Kapil Sibal

    पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को लेकर पूर्व क़ानून मंत्री और सांसद कपिल सिब्बल ने गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किए हैं.

    दरअसल कल सोमवार को अमित शाह ने पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफ़े पर प्रतिक्रिया दी थी.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में अमित शाह ने कहा, “बात का बतंगड़ नहीं बनाना चाहिए. जगदीप धनखड़ एक संवैधानिक पद पर थे. उन्होंने निजी स्वास्थ्य की वजह से इस्तीफ़ा दिया है. इसे ज़्यादा खींचकर कुछ ढूंढने का प्रयास नहीं करना चाहिए.”

    अमित शाह का ये बयान ऐसे समय में आया जब विपक्ष के नेता लगातार सवाल पूछ रहे हैं कि पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कहां हैं?

    कपिल सिब्बल ने क्या कहा?

    कपिल सिब्बल ने एक्स पर ‘लापता धनखड़’ शीर्षक से एक पोस्ट किया, “अमित शाह जी, मुझे मालूम है कि आप असत्य से दूर रहते हैं. हमें इतना तो बता दीजिए कि धनखड़ जी क्या- अस्पताल में हैं या योगा कर रहे हैं या टेबल टेनिस खेल रहे हैं?”

    इसके बाद उन्होंने एक वीडियो पोस्ट कर कहा, “अमित शाह ने कहा कि धनखड़ ने स्वास्थ्य के आधार पर इस्तीफ़ा दिया. अगर स्वास्थ्य इतना ही ख़राब है तो उन्हें जानकारी होगी कि वो किस अस्पताल में हैं. हमें भी बता दें, हम भी जाकर मिल लेंगे.”

    धनखड़ ने 21 जुलाई की रात अपने इस्तीफ़े की घोषणा की थी और इसके बाद से उनको ना तो किसी सार्वजनिक जगह पर देखा गया है और ना ही उनका कोई बयान सामने आया है.

  12. ट्रंप ने अमेरिका के फ़ेडरल रिज़र्व की गवर्नर को बर्ख़ास्त करने का दिया आदेश, स्टुअर्ट लाउ, बीबीसी न्यूज़; पीटर होसकिंस, बिज़नेस रिपोर्टर, बीबीसी न्यूज़

    ट्रंप और लिसा कुक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप फ़ेडरल रिज़र्व पर ब्याज दरों में कटौती का लगातार दबाव बना रहे हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ेडरल रिजर्व की गवर्नर लिसा कुक को पद से हटाने का आदेश दिया है.

    ट्रंप ने आरोप लगाया कि कुक ने मॉर्टगेज से जुड़े दस्तावेजों में ग़लत जानकारी दी और कहा कि संविधान के तहत उनके पास इस कार्रवाई का अधिकार है.

    कुक ने इस फैसले को अवैध बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति के पास उन्हें बर्ख़ास्त करने का अधिकार नहीं है और वह इस्तीफ़ा नहीं देंगी.

    यह पहला मौका है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने फ़ेडरल रिजर्व के किसी गवर्नर को हटाने की कोशिश की है.

    इससे केंद्रीय बैंक की स्वतंत्रता और राष्ट्रपति के अधिकारों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है.

    लिसा कुक, जेरोम पॉवेल और बोर्ड के ज़्यादातर अन्य सदस्यों ने जुलाई के अंत में हुई फ़ेडरल रिज़र्व की पिछली बैठक में अमेरिकी ब्याज दरों को बरकरार रखने के पक्ष में वोट दिया था.

    ट्रंप केंद्रीय बैंक पर ब्याज दरों में कटौती का लगातार दबाव बना रहे हैं और एक टकराव जैसी स्थिति बनी हुई है.

    लिसा कुक को 2022 में ट्रंप के पूर्ववर्ती डेमोक्रेट राष्ट्रपति जो बाइडेन ने नियुक्त किया था. वह इस पद पर काम करने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला हैं.

  13. भारी बारिश से जम्मू में नदियां उफान पर, सीएम उमर अब्दुल्लाह ने कहा- 'हालात गंभीर हैं'

    उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, @CM_JnK

    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने हालात की समीक्षा बैठक की है.

    जम्मू कश्मीर के जम्मू संभाग में भारी बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं.

    मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने कहा कि जम्मू के कई इलाकों में भारी बारिश के बाद हालात काफ़ी गंभीर हैं. उन्होंने प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं.

    मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक की, जिसकी जानकारी उनके कार्यालय ने एक्स पर साझा की है.

    मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, “जम्मू प्रांत के कई हिस्सों में हालात काफ़ी गंभीर हैं. मैं श्रीनगर से जम्मू के लिए उपलब्ध अगली उड़ान से रवाना होऊंगा ताकि हालात की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर सकूं. इस बीच, आपातकालीन राहत कार्य और अन्य ज़रूरी आवश्यकताओं के लिए उपायुक्तों को अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं.”

    जम्मू संभाग में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भारी बारिश हो रही है. लगभग सभी नदियां और नाले ख़तरे के निशान से ऊपर या उसके करीब बह रहे हैं, जिससे शहर और आसपास के कई निचले इलाके और सड़कें पानी में डूब गई हैं.

    तावी नदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तावी नदी उफान पर

    समाचार एजेंसी एएनआई ने तावी नदी का वीडियो जारी किया है जिसमें नदी का बहाव बहुत तेज़ दिख रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, डोडा ज़िले में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है. बाढ़ से रिहायशी इलाक़े में पानी भर गया है. बादल फटने की घटना चारू नाला, भालेसा में हुई है.

    जम्मू संभाग के कमिश्नर कार्यालय की ओर से एक्स पर जानकारी दी गई है कि अगले 40 घंटे में जम्मू संभाग में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. बसंतर, तावी और चिनाब नदियों का जलस्तर इस समय अलर्ट स्तर पर है.

    कार्यालय के अनुसार, निवासियों और यात्रियों को नदी के किनारों और बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रहने की सख़्त सलाह दी जाती है.

    प्रशासन ने ज़िलावार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.

  14. पीएम मोदी की चीन और जापान यात्रा, विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने क्या बताया

    भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी

    इमेज स्रोत, MEA

    इमेज कैप्शन, भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के आख़िर में जापान और चीन का दौरा करने वाले हैं. उनके दौरे से पहले भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने जानकारी दी है.

    मंगलवार को प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान उन्होंने कहा, "इन बैठकों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और टेक्नॉलॉजी संबंधों को और गहरा करना है."

    उन्होंने कहा, "हाल के सालों में भारत के राज्यों और जापान की प्रांतीय सरकारों के बीच सहयोग बढ़ा है, और इस पहलू पर भी यात्रा के दौरान ध्यान दिया जाएगा."

    विक्रम मिसरी ने कहा, "कुल मिलाकर, यह यात्रा हमारी लंबे समय से चली आ रही दोस्ती को मज़बूत करेगी, नए सहयोग के रास्ते खोलेगी."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 से 30 अगस्त 2025 को जापान जाएंगे. वे वहां 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.

    इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक चीन जाएंगे.

    यहां वो शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. इस देश में पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित, जानिए वजह

    बोत्सवाना

    इमेज स्रोत, Reuters

    दक्षिणी अफ़्रीकी देश बोत्सवाना ने पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी की घोषणा कर दी है. ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि इस देश को ज़रूरी दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की कमी का सामना करना पड़ रहा है.

    राष्ट्रपति डूमा बोको ने सोमवार को टेलीविज़न पर एक संबोधन में यह घोषणा की.

    उन्होंने सप्लाई चेन को दुरुस्त करने के लिए सेना की निगरानी से जुड़ी एक योजना पेश की, जिस पर कई मिलियन पाउंड खर्च किए जाएंगे.

    उन्होंने देश को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के पास पैसे की कमी है. इसलिए देश में दवाओं और चिकित्सा सेवाओं के लिए यह मुश्किल समय है.

    देश की अर्थव्यवस्था अंतरराष्ट्रीय हीरा बाज़ार में गिरावट से बुरी तरह प्रभावित हुई है, क्योंकि यह दुनिया के सबसे बड़े हीरा उत्पादकों में से एक है.

    मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, इसके चलते बोत्सवाना की 25 लाख की आबादी का बड़ा हिस्सा बेरोज़गारी और ग़रीबी से जूझ रहा है.

  17. ग़ज़ा युद्ध ख़त्म करने और बंधकों की रिहाई की मांग को लेकर इसराइल में बड़ा प्रदर्शन

    इसराइल-ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, JACK GUEZ/AFP via Getty Images

    इसराइल में मंगलवार की सुबह से सड़कों पर प्रदर्शनकारी रैलियों और प्रदर्शनों के लिए इकट्ठा हो रहे हैं.

    वे ग़ज़ा में इसराइल की सैन्य कार्रवाई को रोकने और हमास की ओर से बंधक बनाए गए बचे लोगों की वापसी की मांग कर रहे हैं.

    ये प्रदर्शन होस्टेजेस एंड मिसिंग फैमिली फोरम की ओर से आयोजित किए जा रहे हैं.

    यह वह समूह है जो लंबे समय से इसराइल सरकार से बंधकों की रिहाई को प्राथमिकता देने और युद्ध को तुरंत ख़त्म करने की मांग करता आ रहा है.

    यह ऐसे समय में हो रहा है जब इसराइल ने ग़ज़ा पट्टी में अपना हमला तेज़ कर दिया है.

    सोमवार को दक्षिणी ग़ज़ा के ख़ान यूनिस स्थित नासेर अस्पताल पर इसराइली हमले में कम से कम 20 लोग मारे गए थे.

    मरने वालों में अंतरराष्ट्रीय मीडिया के लिए काम करने वाले पांच पत्रकार भी शामिल हैं. यह जानकारी हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है.

    इसराइल-ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल में प्रदर्शन के चलते कई इलाक़ों में ट्रैफ़िक जाम की स्थिति बन गई
  18. अरविंद केजरीवाल ने कहा- 'मोदी सरकार आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गई है'

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड मोदी सरकार द्वारा एजेंसीज के दुरुपयोग है

    आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सौरभ भारद्वाज से जुड़े ठिकानों पर हुई छापेमारी को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

    आप नेता सौरभ भारद्वाज से जुड़े ठिकानों पर मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने छापेमारी की.

    इसके बाद बीजेपी ने दावा किया कि उन पर ये जांच दिल्ली में मेडिकल से जुड़े काम में स्कैम से संबंध में हुई.

    इसी पर अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड मोदी सरकार द्वारा एजेंसीज के दुरुपयोग का एक और मामला है."

    उन्होंने कहा, "मोदी सरकार आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गई है. जिस तरह 'आप' को टारगेट किया जा रहा है, ऐसे इतिहास में किसी पार्टी को नहीं किया गया."

    दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल का कहना है कि 'आप' को इसलिए टारगेट किया जा रहा है क्योंकि मोदी सरकार की ग़लत नीतियों और भ्रष्ट कामों के ख़िलाफ़ सबसे मुखर आवाज 'आप' की है.

    उन्होंने कहा, "आप, बीजेपी की इन रैडों से डरने वाली नहीं. हम हमेशा की तरह देश हित में ग़लत नीतियों और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते रहेंगे."

  19. ईरान के राजदूत को निष्कासित करेगा ऑस्ट्रेलिया, लगाया ये आरोप, यांग तियान, बीबीसी न्यूज़

    ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा है कि ईरान की कार्रवाई 'पूरी तरह से अस्वीकार्य' है

    ऑस्ट्रेलिया ने कहा है कि वह ईरान के राजदूत को निष्कासित करेगा. उसका आरोप है कि ईरान ने सिडनी और मेलबर्न में यहूदी-विरोधी हमलों को अंजाम देने का निर्देश दिया था.

    ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा है कि ये हमले 'एक विदेशी देश की ओर से ऑस्ट्रेलियाई ज़मीन पर अंजाम दिए गए असाधारण और ख़तरनाक आक्रामक काम' हैं.

    ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा खुफ़िया संगठन के प्रमुख माइक बर्गेस ने कहा कि उनकी एजेंसी के आकलन के मुताबिक़ ईरानी सरकार ने यहूदी समुदाय को निशाना बनाने वाले कम से कम दो, और उम्मीद है कि उससे ज़्यादा हमलों का निर्देशन किया था.

    अहमद सादगी और तीन अन्य अधिकारियों को सात दिनों के अंदर ऑस्ट्रेलिया छोड़ने का आदेश दिया गया है.

    ईरान ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया की ओर से की गई कार्रवाई पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

  20. आप नेता सौरभ भारद्वाज के ख़िलाफ़ ईडी की छापेमारी, आतिशी ने ये कहा

    सौरभ भारद्वाज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सौरभ भारद्वाज दिल्ली की पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रह चुके हैं

    आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने मंगलवार को छापेमारी की.

    बीजेपी का दावा है कि उन पर ये जांच दिल्ली में मेडिकल से जुड़े काम में स्कैम से संबंध में हुई.

    वहीं आप नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी का कहना है कि 'मोदी जी की डिग्री पर सवाल उठ रहे हैं, इस चर्चा से ध्यान हटाने के लिए ही रेड डाली गई है.'

    पूर्व सीएम आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "आज सौरभ जी के यहाँ रेड क्यों हुई? क्योंकि पूरे देश में मोदी जी की डिग्री पर सवाल उठ रहे हैं."

    "क्या मोदी जी की डिग्री फर्जी है? इस चर्चा से ध्यान हटाने के लिए ही रेड डाली गई है."

    उन्होंने लिखा, "जिस समय का केस बताया जा रहा है, उस समय सौरभ जी मंत्री भी नहीं थे. यानी पूरा केस ही झूठा है."