सीजेपी के प्रदर्शन के बीच चेन्नई में राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम

इमेज स्रोत, Anindito Mukherjee/Bloomberg via Getty Images
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को चेन्नई में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के छठे कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे.
वहीं, इसी दिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा. कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने इस प्रदर्शन का एलान किया है.
सीजेपी ने इसमें शामिल होने के लिए सभी विपक्षी दलों को न्योता दिया था. प्रदर्शन में लेफ्ट की सीपीएम, सीपीआई, सीपीआई-एमएल, आरएसपी और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के अलावा आम आदमी पार्टी और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के शामिल होने की संभावना है.
हालांकि, कांग्रेस ने इस प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी है.
वहीं, राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत चेन्नई में होने वाला कार्यक्रम दक्षिण भारत में इस अभियान का पहला आयोजन है.
इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज, पुणे और इंदौर में इसके कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं.






















