टी-20 वर्ल्ड कप: अमेरिका के खिलाफ भारत की जीत में कप्तान सूर्यकुमार यादव और गेंदबाज चमके

इमेज स्रोत, Getty Images
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने सफर का आगाज जीत के साथ किया है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए अपने पहले मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से मात दी.
भारत की जीत के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे जिन्होंने 84 रन की तूफानी पारी खेली. इसके साथ ही मोहम्मद सिराज ने तीन, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
कप्तान सूर्यकुमार यादव को उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते अमेरिका के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 162 रन का लक्ष्य रखा है.
लेकिन अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 132 रन ही बना पाई.
हालांकि अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने चार ओवर में 25 रन खर्च कर चार विकेट लिए थे और उन्होंने भारत को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने की पूरी कोशिश की.
सूर्यकुमार यादव ने खेली तूफानी पारी

इमेज स्रोत, Getty Images
इससे पहले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे मुकाबले में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया.
हालांकि भारत की शुरुआत खराब रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पहली गेंद पर ही पवेलियन वापस लौट गए.
दूसरे ओवर में ही लगे झटके बाद तिलक वर्मा ने ईशान किशन के साथ मोर्चा संभालने की कोशिश की.
लेकिन पावरप्ले के आखिरी ओवर में ईशान किशन 20 रन बनाकर आउट हो गए. वैन शाल्कविक को उनका विकेट मिला. 5.2 ओवर में 45 के स्कोर पर भारत के दोनों ओपनर आउट होकर पवेलियन वापस जा चुके थे.
तिलक वर्मा भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और छठे ओवर में ही वो 16 गेंद में 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद बल्लेबाजी करने आए शिवम दुबे तो पहले ही गेंद पर ही पवेलियन वापस लौट गए. 6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 46 रन पर चार विकेट था.
पावरप्ले में ही चार विकेट गंवाने का असर भारत के रनों की रफ्तार पर देखने को मिला. 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 63 रन तक ही पहुंचा.

इमेज स्रोत, Getty Images
रनों के लिए संघर्ष करते हुए रिंकू सिंह भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाए. वो 14 गेंद में 6 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे. भारत ने 11.4 ओवर में 72 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे.
भारत की मुश्किलें तब और ज्यादा बढ़ गई जब 13वें ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक पंड्या भी आउट हो गए. उन्होंने महज पांच रन की पारी खेली. 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 6 विकेट गंवाकर 77 रन ही था.
अक्षर ने जरूर 11 गेंद में 14 रन की पारी खेलकर भारत के स्कोर को 100 के पार पहुंचाने में सूर्यकुमार यादव की मदद की.
सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंद में 84 रन की पारी खेलकर भारत के स्कोर को 20 ओवर में 161 के स्कोर तक पहुंचाया.
अमेरिका के लिए शैडली वैन शाल्कविक के अलावा हरमीत सिंह ने दो विकेट लिए.
अमेरिका की खराब शुरुआत

इमेज स्रोत, Getty Images
162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की शुरुआत खराब रही. दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर सिराज ने ओपनर एंड्रियस गौस को पवेलियन वापस भेजा. अमेरिका ने 8 रन पर ही पहला विकेट गंवा दिया.
तीसरे ओवर की पहली गेंद पर अर्शदीप सिंह ने अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल को खाता खोले बिना ही पवेलियन वापस भेज दिया. अमेरिका ने 11 के स्कोर पर ही दो विकेट गंवा दिए थे.
सिराज ने अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर साईतेजा मुक्कामाला को पवेलियन वापस भेज दिया. अमेरिका ने 3.2 ओवर में 13 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे.
पावरप्ले में अमेरिका ने तीन विकेट गंवाकर 31 रन ही बनाए. शुरुआती विकेटों का दबाव अमेरिकी की बल्लेबाजी पर साफतौर पर दिखने को मिला और 10 ओवर में टीम का स्कोर 49 रन तक ही पहुंचा.
इसके बाद मिलिंद और कृष्ण के बीच चौथे विकेट के लिए 52 गेंद में 58 रन की पार्टनरशिप हुई. लेकिन जब अमेरिकी पारी ट्रैक पर वापस आ रही थी तभी वरुण चक्रवर्ति ने मिलिंद को 34 के स्कोर पर स्टंप आउट करवा दिया. 12 ओवर के बाद अमेरिका का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 71 रन था.
इसके बाद 16वें ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर अक्षर पटेल ने संजय और हरमीत सिंह का विकेट लेकर अमेरिका को मै से लगभग बाहर कर दिया. अमेरिका के लिए संजय ने 37 रन की पारी खेली.
इसके बाद भारत की जीत महज औपचारिकता ही रह गई थी. अमेरिका की पारी 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 132 रन तक ही पहुंच पाई.
कमाल की बात ये रही कि जो मोहम्मद सिराज एक दिन पहले तक टीम का हिस्सा ही नहीं थे, वही इस मुकाबले में भारत के सबसे कामयाब गेंदबाज साबित हुए. उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर अमेरिका के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेजा.
इसके अलावा अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह को 2-2 विकेट मिले और वरुण चक्रवर्ति के हिस्से एक विकेट आया.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.












