भारत तीसरी बार बना टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया

टीम इंडिया

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, भारत ने तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता है
पढ़ने का समय: 5 मिनट

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत, न्यूजीलैंड को मात देकर चैंपियन बन गया है.

इसके साथ ही भारत टी-20 वर्ल्ड कप को तीसरी बार जीतने वाला पहला देश भी बन गया है. भारत ने 2007 और 2024 के बाद अब 2026 में टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया है.

भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रन का लक्ष्य रखा था. लेकिन न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस तरह भारत न्यूजीलैंड को 96 रन से मात देकर टी-20 वर्ल्ड कप को लगातार दूसरी बार जीतने वाली टीम भी बना.

भारत के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने फाइनल में कमाल का प्रदर्शन किया. जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में महज 15 रन देकर चार विकेट लिए.

वहीं अक्षर पटेल ने भी तीन ओवर में 27 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.

इससे पहले भारत ने संजू, किशन और अभिषेक की तूफानी पारियों की बदौलत 20 ओवर में 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.

जसप्रीत बुमराह को इस परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं लगातार तीन फिफ्टी लगाने वाले संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम करने में कामयाब रहे.

बुमराह-अक्षर ने गेंद से किया कमाल

जसप्रीत बुमराह

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, जसप्रीत बुमराह चार विकेट लेकर भारत की जीत के हीरो बने

256 रन के बड़े लक्ष्य का दबाव न्यूजीलैंड के ओपनर्स टिम साइफर्ट, फिन ऐलन पर पहली गेंद से ही नजर आने लगा. हालांकि पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे ने फिन ऐलन का कैच भी छोड़ा. अर्शदीप से पहले ओवर में न्यूजीलैंड ने महज चार रन स्कोर किए.

लेकिन दूसरे ओवर में ही टिम साइफर्ट ने अपने तेवर दिखाए. हार्दिक पंड्या ने दूसरे ओवर में 21 रन खर्च किए.

तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर पटेल ने फिन ऐलन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद चौथे ओवर की पहली गेंद पर ही बुमराह ने रचिन रविंद्र को पवेलियन वापस भेज दिया.

पावरप्ले में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 52 रन ही स्कोर किए. इस बीच टिम साइफर्ट क्रीज पर डटे रहे और 23 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की.

अक्षर पटेल

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, अक्षर पटेल तीन विकेट ले चुके हैं

लेकिन 8वें ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने मार्क चैपमैन को पवेलियन वापस भेजा. उन्होंने महज तीन रन की पारी खेली.

अगले ओवर की पहली गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने टिम साइफर्ट को भी आउट कर दिया. न्यूजीलैंड ने महज 72 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए.

इसके बाद हालांकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने डैरिल मिचेल के साथ मिलकर न्यूजीलैंड की पारी को आगे बढ़ाया.

लेकिन 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने इस पार्टनरशिप को भी ब्रेक कर दिया. अक्षर पटेल ने डैरिल मिचेल का विकेट लिया. दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई.

16वें ओवर में बुरमाह ने तीसरी गेंद पर नीशन और चौथी गेंद पर हेनरी को आउट किया. बुमराह यहीं नहीं रुके और उन्होंने 18वें ओवर में सैंटनर को भी बोल्ड कर दिया. सैंटनर ने 43 रन की पारी खेली.

19वें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा ने जेकब डफ़ी को बोल्ड कर दिया और न्यूजीलैंड की पारी 159 रन पर ही सिमट गई.

अभिषेक, संजू और किशन ने जड़े अर्धशतक

अभिषेक शर्मा

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, अभिषेक शर्मा ने 18 गेंद में फिफ्टी पूरी की

भारत की ओर से ओपनिंग का जिम्मा संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने संभाला. हालांकि भारतीय ओपनर्स ने पहले ओवर में सात और दूसरे ओवर में पांच रन ही स्कोर किए.

तीसरे ओवर में संजू और अभिषेक ने रनों की रफ्तार को बढ़ाते हुए 15 रन स्कोर किए. चौथे ओवर की पहली दो गेंदों पर अभिषेक शर्मा ने बाउंड्री स्कोर की. चार ओवर में ही भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 के पार पहुंच गया था.

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पहली बार भारतीय ओपनर्स टीम को 50 रन से ज्यादा की शुरुआत दिलाने में कामयाब हुए हैं. टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी पहली बार किसी टीम को 50 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप मिली है.

अभिषेक शर्मा ने 18 गेंद में फिफ्टी पूरी की. वहीं पावरप्ले में ही भारत का स्कोर 92 रन तक पहुंच गया. टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पावरप्ले में स्कोर किया गया हाईएस्ट स्कोर है.

हालांकि 8वें ओवर की पहली गेंद पर अभिषेक शर्मा को रचिन रविंद्र ने आउट किया. उन्होंने 21 गेंद में 52 रन की पारी खेली.

ईशान-संजू

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ईशान किशन ने 54 रन की पारी खेली
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

ईशान किशन और संजू सैमसन ने रनों की रफ्तार को धीमा नहीं होने दिया और 10 ओवर में टीम का स्कोर 127 रन तक पहुंच गया.

संजू सैमसन ने 33 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की. संजू सैमसन की ये लगातार तीसरी फिफ्टी है. संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल और सेमीफाइनल में फिफ्टी लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं.

14वें ओवर की आखिरी तीन गेंद पर तो संजू सैमसन ने रचिन रविंद्र के खिलाफ छक्कों की हैट्रिक जड़ी.

वहीं ईशान किशन ने 23 गेंद पर फिफ्टी पूरी कर ली है. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 100 रन की पार्टनरशिप पूरी हुई. 15 ओवर में ही भारत का स्कोर 200 के पार हो गया था.

16वें ओवर में नीशम ने तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की वापसी करवाई. उन्होंने संजू, किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट किया.

संजू सैमसन ने 89 और किशन ने 54 रन की पारी खेली. वहीं कप्तान सूर्यकुमार पहली गेंद पर ही बिना खाता खोले आउट हो गए.

हार्दिक पंड्या भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए और 13 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो गए.

लेकिन आखिर ओवर में शिवम दुबे ने नीशम के खिलाफ 24 रन स्कोर किए और भारत के स्कोर 255 रन तक पहुंचा दिया. शिवम दुबे 8 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद रहे.

भारतीय टीम ने बीते 20 महीने में तीसरा आईसीसी खिताब जीता है. जून 2024 में भारत टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन बना. मार्च 2025 में टीम इंडिया ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती और अब दोबारा टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.